500 RUPEE NOTE: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक भ्रामक दावा वायरल हो रहा है कि भारतीय रिजर्व बैंक मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोटों को बंद करने की योजना बना रहा है। इस दावे के वायरल होते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चिंता का माहौल बन गया। हालांकि, भारत सरकार और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताते हुए स्पष्ट किया है कि 500 रुपये का नोट वैध है और इसे चलन से हटाने की कोई योजना नहीं है।

500 RUPEE NOTE अभी भी लीगल टेंडर
यह अफवाह एक यूट्यूब चैनल ‘CAPITAL TV’ द्वारा अपलोड किए गए एक वीडियो से फैलनी शुरू हुई। इस वीडियो में दावा किया गया था कि रिजर्व बैंक 500 रुपये के नोटों की छपाई बंद कर चुका है और मार्च 2026 तक इन नोटों को धीरे-धीरे चलन से बाहर कर देगा। यह वीडियो लगभग 11 मिनट लंबा है और इसे 4.5 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। वीडियो में यह भी कहा गया कि देश में धीरे-धीरे इन नोटों का प्रयोग बंद किया जा रहा है। इस दावे को सुनते ही सोशल मीडिया पर लोगों के बीच भ्रम फैल गया और सवाल उठने लगे कि क्या 500 रुपये का नोट वाकई बंद हो जाएगा।

दावा अफवाह है
सरकार ने इस पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के माध्यम से 3 जून 2025 को अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक स्पष्टीकरण जारी किया। PIB ने इस वायरल दावे को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने 500 रुपये के नोटों को बंद करने के संबंध में कोई घोषणा, आदेश या निर्देश जारी नहीं किया है। PIB ने नागरिकों से अपील की कि वे इस तरह की भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी को शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से अवश्य कर लें।

500 रुपये के नोट भारत में सबसे ज्यादा चलने वाली मुद्रा
RBI ने भी अपनी साल 2024-25 की वार्षिक रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया है कि 500 रुपये के नोट भारत में सबसे ज्यादा चलने वाली मुद्रा है। इस रिपोर्ट के अनुसार, देश में चलन में मौजूद कुल नोटों की संख्या में 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 40.9 प्रतिशत है और इनका कुल मूल्य में योगदान 86 प्रतिशत है। इसके साथ ही RBI ने यह भी पुष्टि की है कि 500 रुपये के नोटों की छपाई अभी भी जारी है और इन्हें बंद करने की कोई योजना नहीं बनाई गई है।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

