UTTARAKHAND FIRE SERVICE: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित अग्निशमन सेवा सप्ताह कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने तृतीय ऑल इंडिया फायर सर्विस गेम्स में पदक जीतने वाले सात और गृह मंत्रालय, भारत सरकार के डीजीएफएस डिस्क मेडल विजेता दो अग्निशमन कर्मियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने उत्तराखण्ड फायर सर्विस के लिए कई नई घोषणाएं कीं।

UTTARAKHAND FIRE SERVICE: 20 नए फायर टेंडर और अग्निशमन वाहन रवाना
मुख्यमंत्री ने 20 नए फायर टेंडरों और अग्निशमन वाहनों को जन-जागरूकता के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने फायर कर्मियों द्वारा किए गए करतबों का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की कि राज्य में जल्द ही भीमताल, द्वाराहाट, गौचर, पुरोला और सहस्त्रधारा में नए फायर स्टेशन खोले जाएंगे। इसके अलावा, उत्तराखण्ड में एक विश्वस्तरीय फायर सर्विस प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में ड्यूटी पर तैनात उत्तराखण्ड फायर सर्विस के कर्मियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य बनने के बाद अब तक उत्तराखण्ड अग्निशमन सेवा ने ₹53 हजार करोड़ से अधिक की संपत्तियों को आग से बचाया है और 27 हजार से ज्यादा लोगों और करीब 7 हजार पशुओं की जान बचाई है। सीएम ने राज्य सरकार द्वारा अग्निशमन और आपात सेवा के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और सुरक्षा उपकरणों के आधुनिकीकरण के प्रयासों को लेकर भी जानकारी दी। केंद्र सरकार ने उत्तराखण्ड के लिए ₹71 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। इस समय प्रदेश में 18 फायर स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है और फायर इमरजेंसी से निपटने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण खरीदे जा रहे हैं।

सीएम ने गैरसैण में एक नए फायर स्टेशन भवन और 78 से अधिक आवासों के निर्माण की भी घोषणा की। साथ ही हरिद्वार के बहादराबाद फायर स्टेशन को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुसार फायर स्टेशनों की मैपिंग की जा रही है, ताकि दूरदराज के इलाकों में भी फायर स्टेशन स्थापित किए जा सकें। इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, डीजीपीदीपम सेठ, उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. रवि दत्त गोदियाल, बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना, सचिव विनोद कुमार सुमन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

दिल्ली के मुस्तफाबाद में चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोग मलबे में दबे, बचाव कार्य जारी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

