/ Feb 06, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
NEPAL BUS ACCIDENT: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार, बीती 5 फरवरी की रात एक अत्यंत दुखद सड़क हादसा हुआ है। बैतड़ी के पुरचूंणी नगरपालिका-7 अंतर्गत बड़गांव मोड़ पर बारातियों से भरी एक अनियंत्रित बस करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में अब तक 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि 34 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में अधिकांश लोग बजांग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या सु.प.प्र. 02001ख 1119 पुरचूंणी नगरपालिका के भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग के सुनकुडा की ओर जा रही थी। गुरुवार देर रात करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिरने के कारण बस के परखच्चे उड़ गए। जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक, नेपाल प्रहरी और एपीएफ (सशस्त्र पुलिस बल) की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा होने के बावजूद देर रात तक खाई से घायलों और शवों को निकालने का काम जारी रहा।(NEPAL BUS ACCIDENT)

6 बारातियों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई थी। इसके अलावा, अस्पताल ले जाते समय और उपचार के दौरान 7 अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। इनमें से 5 की मौत डडेलधुरा अस्पताल और 2 की कोटिला अस्पताल में हुई। घायलों के उपचार के लिए उन्हें तत्काल नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया। 25 घायलों का इलाज वर्तमान में डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि 5 अत्यंत गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है। स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।
प्रारंभिक जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर हादसे का मुख्य कारण बस का ओवरलोड होना बताया जा रहा है। क्षमता से अधिक सवारियां होने की वजह से बस चढ़ाई वाले रास्ते पर अनियंत्रित हो गई और पीछे की ओर लुढ़कते हुए खाई में गिर गई। पुलिस ने बस चालक वीरेंद्र बुढा को अपनी हिरासत में ले लिया है। चालक कंचनपुर के भीमदत्त नगरपालिका का निवासी है और उसे हादसे में मामूली चोटें आई हैं। प्रहरी कार्यालय द्वारा दुर्घटना के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।(NEPAL BUS ACCIDENT)

हल्द्वानी में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, स्टील के लोटे से बेरहमी से पीटा
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.