जंगल में लकड़ी लेने गई महिला को बाघ ने बनाया शिकार, क्षेत्र में दहशत का माहौल

0
242

देहरादून ब्यूरो। अल्मोड़ा जिले के सल्ट में बाघ ने एक महिला को अपना शिकार बनाया है। महिला का शव मरचूला- धूमाकोट मार्ग पर क्षत- विक्षत हालात में मिला। यह क्षेत्र कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और कालागढ़ रेंज से लगा क्षेत्र है इसलिए यह माना जा रहा है कि महिला को बाघ ने अपना शिकार बनाया है। शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में डेढ़ माह पहले भी इसी तरह की घटना घटी थी।

जानकारी के अनुसार मृतका परी देवी सल्ट ब्लॉक के झडगांव की रहने वाली थी। शुक्रवार को दोपहर बाद वह कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और कालागढ़ रेंज सटे जंगलों में लकड़ी लेने गई थी। जब देर शाम तक महिला घर वापस नहीं लौटी तो महिला के परिजनों और ग्रामीणों ने महिला की तलाश शुरू कर दी। लेकिन रात होने तक महिला का कोई सुराग उन्हें नहीं मिला। सुबह होते ही एक बार फिर महिला को तलाशने के लिए ग्रामीणों ने अभियान शुरू किया। गांव से दो किलोमीटर दूर मरचूला- धूमाकोट मार्ग पर महिला का शव मिला। शव पूरी तरह से क्षत- विक्षत था। फिर गांव वालों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर यह जानकारी जुटानी शुरू कर दी है कि महिला को गुलदार या बाघ किसने अपना शिकार बनाया।

इस क्षेत्र के डीएफओ महातिम सिंह यादव ने बताया कि यह क्षेत्र कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और कालागढ़ रेंज से लगा हुआ है इसलिए ज्यादा अंदेशा बाघ के हमले का जताया जा रहा है। इससे पहले 1 मार्च को इस क्षेत्र में बाघ ने एक और महिला को अपना शिकार बनाया था। जिसके बाद वन विभाग ने यहां अपनी कॉबिंग शुरू कर दी थी और बाघ को पकड़ने के लिए एक पिंजरा भी लगाया गया था। अब इस घटना के बाद डीएफओ ने इस क्षेत्र में कॉबिंग तेज करने के निर्देश जारी कर दिये हैं।

Follow us on our Facebook Page Here and Don’t forget to subscribe to our Youtube channel Here