/ Dec 16, 2025
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
VIJAY DIWAS DEHRADUN 2025: देहरादून के गांधी पार्क में आज विजय दिवस के अवसर पर एक श्रद्धांजलि सभा और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लिया। उन्होंने वहां स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर 1971 के युद्ध में जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 1971 के युद्ध में शामिल रहे सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित भी किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सैनिक कल्याण विभाग के कामकाज को लेकर एक घोषणा की। उन्होंने कहा कि सैनिक कल्याण निदेशालय के साथ-साथ डीडीहाट, हरबर्टपुर, पिथौरागढ़ और हरिद्वार स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों को सरकारी वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इस निर्णय का उद्देश्य इन कार्यालयों के कार्यों में गति लाना है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध से जुड़े तथ्यों को रखा। उन्होंने बताया कि उस युद्ध में पाकिस्तान के करीब 93 हजार सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था। उन्होंने जानकारी दी कि इस युद्ध में उत्तराखंड के 248 सैनिकों की मृत्यु हुई थी। साथ ही प्रदेश के 74 सैनिकों को वीरता पदकों से सम्मानित किया गया था।

राज्य सरकार द्वारा सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए लिए गए निर्णयों की जानकारी भी साझा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि शहीदों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। इसके अलावा वीरता पुरस्कारों की राशि में भी संशोधन किया गया है। परमवीर चक्र विजेता के लिए राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये, अशोक चक्र के लिए 30 लाख से 50 लाख रुपये, महावीर चक्र और कीर्ति चक्र के लिए 20 लाख से 35 लाख रुपये तथा वीर चक्र और शौर्य चक्र के लिए 15 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये की गई है।

सरकार द्वारा शहीदों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित करने का प्रावधान किया गया है। नौकरी के लिए आवेदन करने की समय सीमा को 2 वर्ष से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दिया गया है। इसके अलावा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था है। सेवारत और पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति खरीदने पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। देहरादून के गुनियाल गांव में सैन्य धाम का निर्माण कार्य भी चल रहा है।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.