T20I THREE SUPER OVERS: अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में इतिहास बन गया जब स्कॉटलैंड में चल रही टी-20 ट्राई-सीरीज के दौरान नेपाल और नीदरलैंड्स के बीच खेले गए मुकाबले में पहली बार तीन सुपर ओवर खेले गए। ग्लासगो के टिटवुड मैदान पर हुए इस ऐतिहासिक मैच में आखिरकार नीदरलैंड्स ने नेपाल को तीसरे सुपर ओवर में हराकर जीत दर्ज की। नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। नीदरलैंड्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 152 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की शुरुआत कमजोर रही, लेकिन अंत में स्कोर 152/8 कर मैच को टाई हो गया।

Table of Contents
ToggleT20I THREE SUPER OVERS
इसके बाद मुकाबला सुपर ओवर में चला गया। पहले सुपर ओवर में नेपाल ने 19/1 रन बनाए, जिसमें कुशल भुर्तेल ने 18 रन जोड़े। नीदरलैंड्स ने भी मैक्स ओ’डॉड और माइकल लेविट की मदद से 19 रन बनाकर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे सुपर ओवर में नीदरलैंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कॉट एडवर्ड्स के छक्के के साथ 17 रन बनाए। जवाब में नेपाल ने रोहित पौडेल और दीपेंद्र सिंह ऐरी की साझेदारी से 17 रन बनाकर दूसरा सुपर ओवर भी टाई कर दिया।

तीसरे और निर्णायक सुपर ओवर में नीदरलैंड्स के जैक लायन-कैशेट ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए पहले ही ओवर में रोहित पौडेल और रूपेश सिंह को आउट कर नेपाल को 0/2 पर रोक दिया। नीदरलैंड्स के बल्लेबाज़ माइकल लेविट ने पहली ही गेंद पर छक्का मारकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। जैक लायन-कैशेट को तीसरे सुपर ओवर में 2 विकेट लेने के साथ मुख्य पारी में 1 विकेट और 11 रन बनाने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी पहली घटना
यह पहला मौका था जब अंतरराष्ट्रीय टी-20 मुकाबले में तीन सुपर ओवर खेले गए। इससे पहले 2024 में भारत की महाराज टी-20 लीग के दौरान हुबली टाइगर्स और कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स के बीच तीन सुपर ओवर देखने को मिले थे, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह अपनी तरह की पहली घटना थी। आपको बता दें कि सुपर ओवर क्रिकेट में एक ऐसा टाई-ब्रेकर होता है जिसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब कोई टी-20 या वनडे मैच बराबरी पर खत्म हो जाता है यानी दोनों टीमों ने समान रन बनाए हों। जब ऐसा होता है, तब विजेता तय करने के लिए सुपर ओवर खेला जाता है।

इसमें दोनों टीमों को एक-एक ओवर यानी छह-छह गेंदें खेलने को मिलती हैं। हर टीम में सिर्फ दो विकेट ही होते हैं, यानी अगर दो बल्लेबाज आउट हो गए, तो पारी वहीं खत्म हो जाती है। जो टीम सुपर ओवर में ज्यादा रन बनाती है, वही मैच जीत जाती है। अगर सुपर ओवर भी बराबर हो जाए, तो दूसरा सुपर ओवर खेला जाता है, जो टूर्नामेंट के नियमों पर निर्भर करता है। गेंदबाजी करने वाली टीम का कोई एक गेंदबाज पूरे ओवर को करता है।

पीयूष चावला ने क्रिकेट को कहा अलविदा, दो बार विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहे
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

