NANDA DEVI RAJJAT 2026: उत्तराखंड की ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण नंदा देवी राजजात यात्रा वर्ष 2026 में आयोजित होने जा रही है। इसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज वर्चुअल बैठक के माध्यम से अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा की सभी तैयारियों को तेजी से पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा देवी राजजात यात्रा उत्तराखंड की संस्कृति और आस्था का प्रतीक है, इसलिए इसका आयोजन भव्य और व्यवस्थित रूप से होना चाहिए।

NANDA DEVI RAJJAT 2026 की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 2026 में होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव को एक उच्च स्तरीय समिति बनाने के लिए कहा जो सभी विभागों में समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे। यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, पैदल रास्तों की मरम्मत, विश्राम स्थलों पर ठहरने, भोजन और स्नान की व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दूरसंचार नेटवर्क, डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम और हेल्पलाइन नंबर की व्यवस्था के निर्देश दिए गए। मेडिकल कैंप, चिकित्सकों की तैनाती और हेली एम्बुलेंस जैसी स्वास्थ्य सुविधाओं को भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बारिश के मौसम में होने वाली यात्रा को देखते हुए संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय, वन क्षेत्र की सुरक्षा, टेंट की व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेजीकरण कराने पर भी ध्यान देने को कहा गया। पर्यटन विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए, और समिति व जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेकर भीड़ और यातायात प्रबंधन मजबूत करने पर बल दिया गया। मुख्यमंत्री ने हर महीने समीक्षा की जिम्मेदारी मुख्य सचिव को दी और गढ़वाल-कुमाऊं आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस ऐतिहासिक यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अहम बैठक में राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट, विधायक बंशीधर भगत, अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, सुरेश गड़िया, पार्वती दास, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, सचिव शैलेश बगौली, सचिव सचिन कुर्वे, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा और संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

