पर्थी गदेरे में डूबे चौथे किशोर का शव बरामद, एक साथ जलीं चार चिताएं; गाँव में मचा कोहराम

0
282
पर्थी गदेरे में डूबे चौथे किशोर का शव बरामद, एक साथ जलीं चार चिताएं; गाँव में मचा कोहराम

पर्थी गदेरे में डूबे चौथे किशोर का शव बरामद, एक साथ जलीं चार चिताएं; गाँव में मचा कोहराम

बागेश्वर, ब्यूरो। एक दिन पहले सोमवार को बागेश्वर के गोगिना गांव के पर्थी गदेरे में तपती गर्मी से राहत पाने के लिए नहाने उतरे चार किशोरों की मौत हो गई थी। कल ही ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए थे, वहीं अब एक और डूबे हुए बालक का शव भी मिल चुका है। आज ही चारों की चिताएं एक साथ जली तो पूरे गांव में हाहाकार मच गया। हर कोई इन मासूम बच्चों की अकाल मौत का मातम मना रहा था।

पर्थी गदेरे में डूबने से मरे ये किशोर…

  • सुरेश सिंह पुत्र दुर्गा सिंह, उम्र-15 वर्ष।
  • विक्रम सिंह पुत्र नारायण सिंह, उम्र-14 वर्ष।
  • अजय सिंह पुत्र नारायण सिंह, उम्र-16 वर्ष।
  • अभिषेक सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह उम्र-17 वर्ष।

bageshwar hadsa
दरअसल, हल्द्वानी से गर्मियों की छुट्टियां लेकर गांव आए चार किशोर गोगिना गांव से सुबह ही नहाने के लिए पर्थी गदेरे में आए थे। गदेरे में कहीं-कहीं पर पानी काफी गहरा रहता है। ये चारों किशोर भी ऐसी ही जगह पर नहा रहे थे, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाए और तैरने की बजाय डूबने लगे। एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में चारों किशोर गदेरे में डूब गए। जब देर शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजन तलाश करते हुए वहां पहुंचे और उनकी तलाश शुरू की। बड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीन किशोरों के शव तो निकाल लिए थे, लेकिन एक किशोर का शव काफी देर तक खोजने के बाद भी नहीं मिला। आज सुबह एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लापता किशोर का शव भी बरामद कर लिया है। इसके बाद चारों किशोरों की चिताएं एक ही साथ जला दी गई। चारों किशोरों के परिवारवालों के साथ ही पूरा गांव इस दुःखद हादसे के बाद गमगीन है।