PARLIAMENT WINTER SESSION 2025 का आज 15वां और अंतिम दिन था। शुक्रवार को दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा, की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस सत्र को बेहद सफल बताया और कहा कि सदन की उत्पादकता 111 फीसदी रही। इस सत्र में सबसे ज्यादा चर्चा और हंगामा ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) विधेयक 2025’ (VB-G RAM G Bill) यानी ‘वीबी-जी राम जी’ बिल को लेकर हुआ, जो अब पुराने मनरेगा (MGNREGA) कानून की जगह लेगा।

PARLIAMENT WINTER SESSION 2025: स्पीकर ने सत्र को बताया सफल
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्र के समापन की घोषणा करते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस सत्र में कुल 15 बैठकें हुईं और कई महत्वपूर्ण विधेयकों पर मुहर लगी। वायु प्रदूषण और बीमा कानून जैसे गंभीर मुद्दों पर भी चर्चा हुई। स्पीकर ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि कई मौकों पर सांसदों ने देर रात तक बैठकर काम किया, जिससे लंबित विधायी कार्यों को निपटाया जा सके। वहीं, राज्यसभा में सभापति और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने पहले सत्र के अनुभव को साझा करते हुए बताया कि उच्च सदन में 121 फीसदी उत्पादकता रही और शून्यकाल के दौरान प्रतिदिन 15 से अधिक मामले उठाए गए, जो एक रिकॉर्ड है।

विपक्ष का रात भर धरना और ‘जी राम जी’ बिल पर रार
सत्र के आखिरी दिनों में ‘वीबी-जी राम जी’ बिल को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी तकरार देखने को मिली। गुरुवार रात को बिल पास होने के विरोध में विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में 12 घंटे का रात भर का धरना दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गरीबों के लिए बनी मनरेगा जैसी योजना से छेड़छाड़ की गई, तो लोग नेताओं को सड़कों पर नहीं घूमने देंगे। टीएमसी और कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर महात्मा गांधी का नाम इस योजना से हटाया है और फंडिंग का बोझ राज्यों पर डालकर योजना को कमजोर करने की कोशिश की है।

सत्ता पक्ष का पलटवार: ‘कांग्रेस ने सिर्फ गरीब हटाए’
बिल पर चर्चा के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया लेकिन असल में उन्होंने गरीबों को ही हटा दिया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी हमारे दिलों में बसते हैं और सरकार की मंशा ग्रामीण रोजगार को मजबूत करना है। बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अब उन्हें देशभक्ति की समझ आएगी। वहीं, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने विपक्षी सांसदों के व्यवहार को शर्मनाक बताते हुए 8 सांसदों के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया और उन्हें अगले सत्र तक निलंबित करने की मांग की।

संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत: 19 दिसंबर तक चलेगा सत्र, कई अहम विधेयक पेश होने की उम्मीद
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

