KESHAV THALWAL: देहरादून में एक विशेष रूप से सक्षम महिला अधिवक्ता के साथ कथित मानसिक, आर्थिक और सामाजिक उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने केशव थलवाल नामक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि KESHAV THALWAL ने पहले खुद को परेशान और संघर्षशील व्यक्ति बताकर उसका भरोसा जीता, फिर भावनात्मक दबाव बनाकर उससे पैसे लिए।
जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा बदनाम करने की धमकी देनी शुरू कर दी।
KESHAV THALWAL से फेसबुक पर हुई मुलाकात
पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान KESHAV THALWAL से फेसबुक पर संचालित “जागो उत्तराखंड” नामक पेज के माध्यम से हुई थी। महिला का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर स्वयं को पुलिस प्रताड़ना और सामाजिक अन्याय का शिकार बताकर लोगों की सहानुभूति हासिल करता था। इ
सी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने अपनी खराब आर्थिक स्थिति, निजी संघर्ष और भावनात्मक परेशानियों की बातें बताकर महिला का विश्वास जीत लिया।

भावनात्मक दबाव बनाते हुए कई बार आर्थिक मदद मांगी
शिकायत में कहा गया है कि KESHAV THALWAL ने लगातार भावनात्मक दबाव बनाते हुए कई बार आर्थिक मदद मांगी। महिला अधिवक्ता ने गूगल पे सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से उसे पैसे भी भेजे। लेकिन जब कुछ समय बाद उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद उसने महिला के साथ अपमानजनक व्यवहार शुरू कर दिया और उसकी निजी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर बदनाम करने की धमकियां देने लगा।
अपनी “गर्लफ्रेंड” बताकर झूठी बातें फैलाता था
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अपने परिचितों और दोस्तों के बीच उसे अपनी “गर्लफ्रेंड” बताकर झूठी बातें फैलाता था। इतना ही नहीं, उसने अपने दोस्तों के माध्यम से भी महिला पर शादी करने का दबाव बनाया। शिकायत के मुताबिक, आरोपी खुद को उत्तराखंड में प्रभावशाली व्यक्ति बताकर लगातार मानसिक दबाव बनाता रहा।
झूठे मामलों में फंसाने की धमकी
मामले में एक और गंभीर मोड़ तब आया जब आरोपी ने कथित तौर पर आत्महत्या करने और सुसाइड नोट में महिला का नाम लिखकर उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देना शुरू किया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी फर्जी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के जरिए उसकी छवि खराब करने की बात कहकर लगातार मानसिक प्रताड़ना देता रहा। महिला अधिवक्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि 3 मई 2026 को उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया।
कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को त्रिलोक नकोटी बताते हुए कहा कि वह केशव थलवाल का करीबी दोस्त है। उसने दावा किया कि केशव ने आत्महत्या की कोशिश की है और वह कैलाश अस्पताल में भर्ती है।
फोन करने वाले ने इस घटना के लिए महिला को जिम्मेदार ठहराते हुए उस पर तत्काल शादी करने का दबाव बनाया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि उसने बात नहीं मानी तो आरोपी दोबारा कोई खौफनाक कदम उठा सकता है और सोशल मीडिया के जरिए उसे बदनाम किया जाएगा।

मुकदमा दर्ज
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरिओम चौहान ने बताया कि महिला की तहरीर और प्रारंभिक जांच के आधार पर मुकदमा संख्या 183/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2), 351(3) और 78 के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अब पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रही है। पीड़िता का दावा है कि उसके पास आरोपी की कथित धमकियों, पैसों के लेनदेन और बातचीत से जुड़े पर्याप्त डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं।
इनमें व्हाट्सएप चैट, कॉल रिकॉर्डिंग, स्क्रीनशॉट और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की रसीदें शामिल हैं, जिन्हें वह जांच एजेंसियों को सौंपेगी। पुलिस फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

