/ Feb 03, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
DEHRADUN HRTC BUS ACCIDENT: उत्तराखंड के देहरादून जनपद अंतर्गत कालसी क्षेत्र में मंगलवार सुबह सड़क हादसा हुआ है। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुखद दुर्घटना में अब तक 4 यात्रियों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है, जबकि 35 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना का समाचार मिलते ही जिलाधिकारी देहरादून से फोन पर बात कर राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि बचाव कार्य में कोई ढिलाई न बरती जाए और घायलों को हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी घायल यात्री की स्थिति अधिक गंभीर होती है, तो उन्हें तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए एयरलिफ्ट की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और सभी घायल यात्रियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मिली जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के चौपाल-नेरवा डिपो की यह बस सुबह करीब साढ़े छह बजे नेरवा से पांवटा साहिब के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 10 बजे जब बस हरिपुर-कोटी-मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास सुदोई खड्ड के समीप पहुंची, तो सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के प्रयास में सड़क का पुश्ता अचानक धंस गया। इसके चलते बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में कई पलटे खाते हुए सीधे नीचे खड्ड में जा गिरी। हादसे के समय बस में 30 से 40 के बीच यात्री सवार थे। बस के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत बचाव के लिए दौड़े।

हादसे की जानकारी मिलते ही कालसी थाना प्रभारी दीपक धारीवाल के नेतृत्व में पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। खाई गहरी होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन राहत कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुँचाया। घायलों में से 5 की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्रों और अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनके उपचार में जुटी है। (DEHRADUN HRTC BUS ACCIDENT)

HOUSE OF HIMALAYAS ने की दो साल में 3.5 करोड़ से अधिक बिक्री, अब विदेशों में धूम मचाने की तैयारी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.