CM DHAMI IN HALDWANI: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने जिले के बुनियादी ढांचे और जन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कुल 147 करोड़ 28 लाख 56 हजार रुपये की 40 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और तीव्रता के साथ कार्य कर रही है।
CM DHAMI IN HALDWANI: नैनीताल जिले के लिए 40 योजनाओं का उपहार
मुख्यमंत्री द्वारा किए गए इस बड़े ऐलान में 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत वाली 23 विकास योजनाओं का लोकार्पण शामिल है, जो अब जनता के उपयोग के लिए तैयार हैं। इसके साथ ही, भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 74 करोड़ 90 लाख 56 हजार रुपये की 17 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से नैनीताल जिला विकास की एक नई रफ्तार पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा लिए गए कड़े और ऐतिहासिक फैसले, जैसे सख्त नकल विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता, अब अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि वे विकास की इन योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुँचाने में सहयोग करें।(CM DHAMI IN HALDWANI)

कृषि, पेयजल और शिक्षा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां
लोकार्पण की गई योजनाओं में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान के मोटर पुल और राजकीय औद्योगिक संस्थान (ITI) हल्द्वानी में आधुनिक टेक्नोलॉजी लैब का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा और बैलपडाव जैसे इलाकों में नए नलकूपों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे क्षेत्र में सिंचाई और जल आपूर्ति बेहतर होगी। (CM DHAMI IN HALDWANI)
पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनमें हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल और हल्दूचौड़ जग्गी जैसे गांव शामिल हैं। शिक्षा के क्षेत्र में महिला महाविद्यालय में नई लैब का निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए रामगढ़ में पशु चिकित्सालय भवन का भी उद्घाटन किया गया।
भविष्य की कार्ययोजना और महत्वपूर्ण शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जिन 16 नई योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें सड़क सुधारीकरण और सीवरेज सिस्टम पर विशेष फोकस है। कसियालेख से धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी और नवाबी रोड पर सीवरेज कार्य जैसे प्रोजेक्ट्स इसमें शामिल हैं। हल्द्वानी में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए 28 एमएलडी के एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण और पनचक्की-चौफुला-कठघरिया नहर कवरिंग कार्य भी शुरू किया जा रहा है।(CM DHAMI IN HALDWANI)
एक विशेष उपलब्धि के रूप में मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना का भूमि पूजन किया। लगभग 154 करोड़ रुपये की लागत वाली यह योजना मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणा का हिस्सा है, जिससे हल्द्वानी शहर की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
CM DHAMI IN HALDWANI: सांस्कृतिक विरासत और प्रदेश की पवित्रता पर जोर
विकास कार्यों के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने राज्य की सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण रखने का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सरकार विकास के साथ-साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है। धामी ने चेतावनी दी कि राज्य की पवित्रता और संस्कृति से किसी को भी खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल और कई स्थानीय विधायकों सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

देहरादून में चकराता-मसूरी हाईवे पर हादसा, अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

