CM DHAMI: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार की सुबह सभी जिलाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने प्रदेश के बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के हर जिले में सड़क निर्माण और मरम्मत, बिजली व पानी की आपूर्ति जैसे जरूरी कार्यों पर लगातार नजर रखी जाए और इनकी गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सेवाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

CM DHAMI ने दिए ये सख्त निर्देश
जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने की बात करते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित करें और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करें। उन्होंने कहा कि 1905 और 1064 जैसे शिकायत पोर्टलों पर आने वाली शिकायतों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश में चल रहे अवैध अतिक्रमण और अवैध मदरसों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाए और कानून के दायरे में रहते हुए सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन और अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए।
चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज करने की बात कही
चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने विशेष चिंता जाहिर की। उन्होंने जिलाधिकारियों से कहा कि चारधाम यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पहले से तैयारियां पूरी कर ली जाएं। यात्रा मार्गों पर मूलभूत सुविधाएं जैसे साफ पानी, चिकित्सा, साफ-सफाई, ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा न केवल श्रद्धालुओं के लिए बल्कि प्रदेश की छवि के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

दिसंबर तक करें बजट के 80 प्रतिशत का उपयोग, सीएम धामी ने दिए अधिकारियों को सख्त निर्देश
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

