CBSE BOARD EXAMS 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं देशभर में शुरू हो गई हैं। इस वर्ष कुल 43,67,870 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 10वीं में 25,08,319 और कक्षा 12वीं में 18,59,551 छात्र अपनी किस्मत आजमाएंगे। परीक्षाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सीबीएसई ने देशभर में 10वीं के लिए 8,075 और 12वीं के लिए 7,574 परीक्षा केंद्र बनाए हैं।
परीक्षा के पहले दिन के शेड्यूल की बात करें तो 10वीं कक्षा की शुरुआत गणित (स्टैंडर्ड और बेसिक) के पेपर के साथ हुई है। वहीं, 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए पहले दिन बायोटेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप और शॉर्टहैंड (अंग्रेजी/हिंदी) जैसे विषयों की परीक्षा आयोजित की जा रही है। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे शुरू हुईं, जिसके लिए छात्रों को सुबह 10:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया था।

CBSE BOARD EXAMS 2026 से 10वीं की परीक्षा अब साल में दो बार
सीबीएसई ने इस सत्र से 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं के पैटर्न में एक ऐतिहासिक बदलाव किया है। अब 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत दूसरी परीक्षा का आयोजन 15 मई से 1 जून के बीच किया जा सकता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों के तनाव को कम करना और उन्हें अपनी तैयारी में सुधार करने का एक अतिरिक्त अवसर प्रदान करना है।
इसके साथ ही बोर्ड ने अनिवार्य उपस्थिति को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। 10वीं के सभी छात्रों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। यदि कोई छात्र कम से कम तीन विषयों की परीक्षा में उपस्थित नहीं होता है, तो उसे “अनिवार्य पुनरावृत्ति” (Essential Repeat) श्रेणी में डाल दिया जाएगा। ऐसे छात्र केवल अगले वर्ष फरवरी में होने वाली मुख्य परीक्षा में ही बैठ सकेंगे।

CBSE BOARD EXAMS 2026: परीक्षार्थियों का विवरण और विषय विविधता
इस वर्ष की परीक्षा में 10वीं कक्षा में 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। वहीं 12वीं में 10,27,552 छात्र और 8,31,999 छात्राएं परीक्षा दे रही हैं। विषय विविधता की बात करें तो इस बार 10वीं की परीक्षा 83 विषयों में और 12वीं की परीक्षा कुल 120 विषयों में आयोजित की जा रही है। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है और छात्रों को किसी भी प्रकार की अनुचित सामग्री न ले जाने की सलाह दी गई है।

टिहरी झील को ग्लोबल डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी, मुख्य सचिव ने कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

