देहरादून में शनिवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में CM DHAMI ने NITI EXTREME ULTRA RUN 2026 के काउंटडाउन रन का औपचारिक शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर धावकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आगामी 31 मई 2026 को नीति घाटी में आयोजित होने वाले मुख्य आयोजन के आधिकारिक शुभंकर ‘क्यालु-हिम तेंदुआ’ का अनावरण रहा, जिसे हिमालयी वन्यजीवन और उत्तराखंड की साहसिक पहचान का प्रतीक बताया गया।
NITI EXTREME ULTRA RUN 2026: सीमांत गांव देश के पहले गांव
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि NITI EXTREME ULTRA RUN 2026 केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीमावर्ती गांवों को सशक्त बनाने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के विजन के अनुरूप अब सीमांत गांवों को ‘देश के अंतिम गांव’ नहीं बल्कि ‘देश के पहले गांव’ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति घाटी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से स्थानीय होमस्टे व्यवसाय, क्षेत्रीय उत्पादों की ब्रांडिंग, पर्यटन गतिविधियों और युवाओं की उद्यमशीलता को नई दिशा मिलेगी।

900 से अधिक प्रतिभागी ले रहे हिस्सा
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस बार आयोजित होने वाली NITI EXTREME ULTRA RUN 2026 के लिए देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि नीति घाटी की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई वाले मार्गों पर दौड़ना किसी चुनौती से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म हब बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और फिटनेस को अब जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा चुका है।
READ MORE:
- CM DHAMI से मिली OBC कल्याण संसदीय समिति, सामाजिक न्याय और विकास पर हुई चर्चा
- CHARDHAM YATRA 2026 का भव्य आगाज, CM DHAMI ने ऋषिकेश से बसों को दिखाई हरी झंडी, ‘ग्रीन चारधाम’ का दिया संदेश
- ISBT में सीएम धामी का औचक निरीक्षण, गंदगी देखकर झाड़ू उठाकर खुद की सफाई, अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी
31 मई को नीति घाटी में मुख्य आयोजन
NITI EXTREME ULTRA RUN 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र भंडारी समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, खेल विभाग के प्रतिनिधि, युवा धावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि 31 मई को नीति घाटी में होने वाले मुख्य आयोजन को लेकर सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, ट्रैकिंग मार्गों और लॉजिस्टिक्स से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम का सफल और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
जानिए NITI EXTREME ULTRA RUN 2026 के बारे में
NITI EXTREME ULTRA RUN 2026 उत्तराखंड के चमोली जिले की सीमांत नीति घाटी में आयोजित होने वाला एक हाई-ऑल्टीट्यूड एडवेंचर स्पोर्ट्स इवेंट है। यह आयोजन 31 मई से 2 जून 2026 तक प्रस्तावित है, जबकि मुख्य अल्ट्रा रन और मैराथन प्रतियोगिताएं 2 जून 2026 को आयोजित की जाएंगी।
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन का मुख्य केंद्र निति-मलारी-रिमखिम कॉरिडोर होगा, जो हिमालय की ऊंची और दुर्गम घाटियों में स्थित है। इस आयोजन को Uttarakhand Tourism Development Board, चमोली जिला प्रशासन, भारतीय सेना और ITBP के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जबकि इवेंट मैनेजमेंट और संचालन की जिम्मेदारी Run2Live संस्था के पास है।
NITI EXTREME ULTRA RUN 2026 प्रतियोगिता में विभिन्न आयु और फिटनेस स्तर के प्रतिभागियों के लिए कई श्रेणियां रखी गई हैं। इनमें 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन मुख्य आकर्षण होगा, जो विशेष रूप से भारतीय नागरिकों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

इसके अलावा 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर रन की श्रेणियां भी शामिल हैं। एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रेमियों के लिए 30 किलोमीटर की MTB (माउंटेन बाइकिंग) रेस भी आयोजित की जाएगी।
इस आयोजन का बेस कैंप जोशीमठ को बनाया गया है। आयोजकों के अनुसार 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 27 मई तक मलारी पहुंचना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया Townscript प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई गई है। आयोजन के लिए कुल पुरस्कार राशि 37 लाख रुपये से अधिक निर्धारित की गई है।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

