UTTARAKHAND HEATWAVE ALERT: उत्तराखंड में इन दिनों तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मैदानी जिलों में 22 मई तक लू चलने की चेतावनी जारी की है।
खासकर हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, हल्द्वानी और राजधानी देहरादून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंचने की संभावना जताई गई है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश जारी किए हैं।
UTTARAKHAND HEATWAVE ALERT के लिए विशेष एडवाइजरी
प्रदेश में बढ़ते तापमान और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासन को आम लोगों को दोपहर के समय बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने के लिए जागरूक करने को कहा गया है। साथ ही जल संस्थान और बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि गर्मी के दौरान पेयजल और बिजली की आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए।

इसके अलावा स्कूलों, निर्माण स्थलों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों के लिए छाया और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों जैसे संवेदनशील वर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन को लेकर अलर्ट
UTTARAKHAND HEATWAVE ALERT को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दवाइयों, ओआरएस और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। आम लोगों को भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
देहरादून में वकीलों को बिना काला कोट अदालत आने की अनुमति
UTTARAKHAND HEATWAVE ALERT के बीच देहरादून के अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। बार एसोसिएशन देहरादून ने जिला जज से मांग की थी कि भीषण गर्मी के दौरान अधिवक्ताओं को काला कोट पहनने की अनिवार्यता से छूट दी जाए।
बार एसोसिएशन का कहना था कि लगातार बढ़ते तापमान में लंबे समय तक भारी काला कोट पहनकर काम करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है। इस मांग पर जिला जज ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए अधिवक्ताओं को राहत प्रदान की है।
19 मई से लागू नई व्यवस्था के तहत अब वकील ड्रेस कोड के अन्य नियमों का पालन करते हुए बिना काला कोट पहने भी अदालत में बहस और पैरवी कर सकेंगे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुकरेती ने इस फैसले को व्यवहारिक और मानवीय कदम बताया है।
40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। देहरादून में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो अब 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है।
UTTARAKHAND HEATWAVE ALERT के कारण रात के समय भी न्यूनतम तापमान 22.6 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे उमस बढ़ गई है। हरिद्वार में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि रुद्रपुर और हल्द्वानी में भी पारा 40 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया।
पर्वतीय जिलों में भी बढ़ा तापमान
UTTARAKHAND HEATWAVE ALERT से मैदानी इलाकों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नैनीताल और पौड़ी में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।
टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत और निचले चमोली क्षेत्रों में भी तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि पहाड़ों में सुबह और शाम के समय अब भी हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
UTTARAKHAND HEATWAVE ALERT के अलावा मौसम विभाग के अनुसारने साफ किया है कि 19 मई को प्रदेशभर में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। हालांकि 20 से 24 मई के बीच कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम बदलने की संभावना है।
20 मई 2026
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के आसार हैं। इन इलाकों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जैसे मैदानी क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी।
21 मई 2026
इन पर्वतीय जिलों में मौसम और अधिक सक्रिय रह सकता है। हल्की बारिश, गर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर जारी रहेगा।
22 मई 2026
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और गर्जन की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि 22 मई तक मैदानी इलाकों को भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल नहीं है।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

