THARALI SHAURYA MAHOTSAV: उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र स्थित ग्राम चेपड़ों में तीन दिवसीय शौर्य महोत्सव की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की। यह महोत्सव उत्तराखंड राज्य के प्रथम अशोक चक्र विजेता शहीद भवानी दत्त जोशी की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। मुख्यमंत्री ने स्मृति स्थल पर शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और दीप प्रज्वलन कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री का आगमन कुलसारी स्थित हैलीपैड पर हुआ, जहां जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी, पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार सहित जिले के अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

THARALI SHAURYA MAHOTSAV
चमोली पुलिस के जवानों ने उन्हें सेरिमोनियल ड्रेस में सलामी दी। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे शहीद स्मृति स्थल पहुंचे और वहां भवानी दत्त जोशी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सैनिकों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता और राज्य सरकार सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शौर्य महोत्सव में सेना के जवानों ने बैंड धुन बजाकर पूरे वातावरण को देशभक्ति की भावना से भर दिया। वहीं मुंदोली राइडर्स क्लब ने मुंदोली से चेपड़ों तक साइकिल यात्रा कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

सीएम ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल आज नई ऊंचाइयों पर है, और देश के सैनिकों की शौर्य गाथाएं अब पूरी दुनिया में गूंज रही हैं। प्रदेश सरकार भी प्रधानमंत्री के विज़न के अनुरूप सैनिकों और उनके परिवारों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में देहरादून के गुनियाल गांव में एक भव्य सैन्य धाम का निर्माण भी किया जा रहा है। तीन दिनों तक चलने वाले इस शौर्य महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक, देशभक्ति और खेलकूद कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य केवल शहीदों की स्मृति को सम्मान देना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में उनके प्रति गर्व और प्रेरणा का भाव जगाना भी है।

उत्तराखंड में होगा रणनीतिक सलाहकार समिति का गठन, राज्यपाल ने दी मंजूरी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

