UTTARKASHI ACCIDENT: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मोरी-त्यूणी मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक यूटिलिटी पिकअप वाहन संख्या UK 16CA 2248 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया। हादसा वन विभाग के बैरियर के पास रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। वाहन में तीन लोग सवार थे, जो उत्तरकाशी जिले के ही रहने वाले थे।

UTTARKASHI ACCIDENT: राहत एवं बचाव कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। रात होने और क्षेत्र में घना अंधेरा होने के कारण राहत व बचाव कार्य में भारी कठिनाई आई, लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने दोनों मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकाला और घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय जगदीश चौहान पुत्र हरिकिशन निवासी ग्राम मोड़ा और 42 वर्षीय चालक जयपाल सिंह पुत्र बालम सिंह निवासी बलावट के रूप में की गई है। जबकि घायल व्यक्ति की पहचान प्रमोद राणा पुत्र दौलत सिंह, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम मोड़ा तहसील मोरी के रूप में हुई है।

घटना की पुष्टि स्थानीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने अपने सोशल मीडिया पर की और जानकारी दी कि वह खुद मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है। विधायक ने कहा कि इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। SDRF और पुलिस की टीम ने रात के अंधेरे में अभियान चलाकर शवों को खाई से निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायल प्रमोद राणा की स्थिति गंभीर बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी है।

थराली में 3 दिवसीय शौर्य महोत्सव का आगाज़, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

