HEATWAVE: देश के कई हिस्सों में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि देश के पांच राज्यों के 21 शहरों में तापमान रविवार को 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया। अप्रैल के पहले सप्ताह में लगभग हर शहर में 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसकी प्रमुख वजह हवा की गति में आई कमी है। मौसम विभाग ने 9 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी के साथ यलो अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा के कई हिस्सों में लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

HEATWAVE से दिल्ली भी पस्त
दिल्ली में तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और सुबह 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं दोपहर होते-होते 4 से 6 किलोमीटर प्रति घंटे तक ही रह जा रही हैं। शाम तक इनमें कुछ बढ़ोतरी जरूर होती है लेकिन रफ्तार 8 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा नहीं हो रही, जिससे गर्मी और अधिक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक दिल्ली में लू की चेतावनी दी है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

तापमान में हो रही है बढ़ोत्तरी
उत्तर भारत के साथ-साथ मध्य, पूर्वी और पश्चिमी भारत के राज्यों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। राजस्थान के बाड़मेर में रविवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल के पहले सप्ताह में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान है। वहीं उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में अगले चार दिन में तापमान 2 से 4 डिग्री तक और बढ़ सकता है। इसके बाद के तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तापमान बीते 24 घंटे में 40 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया है।

देश के अन्य हिस्सों की बात करें तो गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में 6 से 10 अप्रैल के बीच हीटवेव बने रहने की संभावना है। खासकर 6 और 7 अप्रैल को स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है। मध्य प्रदेश में 8 से 10 अप्रैल के बीच कई हिस्सों में लू का असर दिख सकता है। महाराष्ट्र में अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 6 से 10 अप्रैल तक लू की स्थिति बनी रह सकती है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल तक लू चलेगी और हिमाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 6 और 7 अप्रैल को हीटवेव हो सकती है।

उत्तराखंड में मौसम की मार
उत्तराखंड में भी HEATWAVE अपना असर दिखा रही है। दून समेत अधिकांश मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री ज्यादा है। रविवार को देहरादून में चटख धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में और इजाफा हो सकता है। लेकिन मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और मैदानी इलाकों में आंधी-पानी की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण भारत में हालत कुछ ठीक
दक्षिण भारत में जहां उत्तर भारत जैसी झुलसाने वाली गर्मी नहीं है, वहां कुछ राहत की खबर है। तमिलनाडु, केरल और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों तक भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में 6 अप्रैल को हल्की बारिश और गरज-चमक देखने को मिली। वहीं पूर्वी भारत और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम विभाग के मुताबिक, 7 या 8 अप्रैल से पूर्वी भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अगले 6-7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

दुनिया के 20 सबसे प्रदूषित शहरों में 13 भारत के, दिल्ली सबसे प्रदूषित राजधानी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

