देहरादून, ब्यूरो। आज उत्तराखंड के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रदेश के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी करीब ढ़ाई बजे शपथ लेंगे। वहीं, मंत्रीमंडल का भी आज ही गठन हो जाएगा। करीब 8 मंत्री आज ही अपनी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार मंत्री पद के लिए सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा, चंदन राम दास, सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल को भाजपा हाईकमान की ओर से फोन आ चुका है। वहीं, ऋतु खंडूड़ी को विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा रही है। अगर उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया तो वह पहली ऐसी महिला होंगी जिन्हें विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। कुछ पूर्व मंत्रियों को धामी की टीम से हटाया भी जा रहा है।
परेड ग्रांउड में करीब 25 हजार लोग शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनेंगे। परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन बनाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शपथ ग्रहण से पहले मंदिर और गुरुद्वारों में माथा टेकने के साथ ही पूजा अर्चना की। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, यूपी सीएम आदित्यनाथ योगी समेत कई वरिष्ठ भाजपा दिग्गज दून पहुंच रहे हैं। सुबह से ही शहर में जगह-जगह जाम लगा है। सरकार के शपथ ग्रहण से पहले रूट भी डायवर्ट कर दिए गए हैं, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है।