प्रतापगढ़, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में बुलडोजर बाबा का अपराधियों में अब खौफ देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में रेलवे स्टेशन के बाथरूम में एक महिला का रेप करने वाला आरोपी अन्ना पिछले तीन दिन से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस जब कल रात बुलडोजर लेकर उसके घर पहुंची तो दो घंटे के अंदर आरोपी अन्ना ने पुलिस को सरंडर कर दिया। पूरे शहर में पुलिस की इस कार्रवाई की चर्चा हो रही है। वहीं, पुलिस के अफसर इस मामले में कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अन्ना रेलवे स्टेशन पर टाॅयलेट का संचालन करता है। तीन दिन पहले एक महिला यात्री वहां पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इस बीच वह बाथरूम गई तो टाॅयलेट संचालक अन्ना ने उसे अकेले पाकर उसका रेप कर दिया। उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर बुलडोजर बाबा की पुलिस की नई तरह की कार्रवाई देखने को मिल रहा है।
बता दें कि यह वारदात तीन दिन पहले की है। प्रतापगढ़ के अंतु इलाके की एक महिला अपने गंतव्य तक जाने के लिए प्रतापगढ़ स्टेशन के प्रतीक्षालय में बैठ कर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। टॉयलेट के लिए वह रेलवे परिसर के शौचालय में गयी तो टॉयलेट संचालक अन्ना ने महिला को अकेले पाकर उसके साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपी महिला को बेसुध स्थिति में छोड़कर फरार हो गया। महिला का पति जब खोजते हुए टॉयलेट में पहुंचा तो वह फर्श पर बेसुध पड़ी थी। महिला ने होश में आने के बाद पति को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद महिला के पति ने पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार था। पुलिस कल रात जब बुलडोजर लेकर उसके घर को तोड़ने पहुंची तो दो घंटे में आरोपी ने सरंडर कर दिया।