/ Oct 07, 2025
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
UTTARAKHAND WINTER: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने इस बार उम्मीद से पहले करवट ले ली है। राज्य के चारों धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में सोमवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे चारों धामों की चोटियां बर्फ की मोटी चादर से ढक गईं। यह बर्फबारी पिछले 40 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ने वाली मानी जा रही है, क्योंकि अक्टूबर के पहले हफ्ते में इतनी जल्दी हिमपात होना बेहद दुर्लभ है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बर्फबारी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुई है, जिसने पूरे हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित किया है। राज्य के निचले इलाकों में लगातार हो रही बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया है।
चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की चेतावनी दी गई है। तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बद्रीनाथ धाम में 6 अक्टूबर को हुई बर्फबारी ने 1984-85 के बाद का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल ने बताया कि उन्होंने अपनी 44 वर्षों की सेवा में इतनी जल्दी बर्फबारी पहले कभी नहीं देखी। धाम की चोटियां और आसपास की पहाड़ियां पूरी तरह सफेद बर्फ से लकदक हो गई हैं।
तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था ठंडी नहीं पड़ी। बड़ी संख्या में भक्त भगवान बद्री विशाल के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के ऊंचे इलाकों में भी हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई। हालांकि इससे कुछ समय के लिए यात्रा मार्ग प्रभावित हुआ, लेकिन बर्फबारी ने सैलानियों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। इसके अलावा, हेमकुंड साहिब, औली, माणा और नीति घाटी जैसे क्षेत्रों में भी हिमपात दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की यह सक्रियता अगले 24 घंटे तक जारी रह सकती है, जिससे और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी संभव है। वहीं निचले इलाकों में लगातार बारिश ने ठंड को और तीव्र कर दिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के अचानक बदले मिजाज से यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। प्रशासन ने चारधाम मार्गों पर यातायात की स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है, और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए आवश्यक सेवाओं को तैयार रखा गया है।
उत्तराखंड में संदिग्ध कफ सिरप पर बड़ी कार्रवाई, पूरे राज्य में छापेमारी अभियान तेज
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.