HomeLatest Newsउत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, जगह-जगह भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन...

उत्तराखंड में भारी बारिश का कहर, जगह-जगह भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन अलर्ट मोड में

UTTARAKHAND HEAVY RAIN: उत्तराखंड में मौजूदा समय में मानसून ने पूरी ताकत के साथ तबाही मचाई हुई है। पिछले दो दिनों में चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इन घटनाओं में अब तक कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश और क्षतिग्रस्त सड़कों ने हालात और गंभीर बना दिए हैं।

UTTARAKHAND HEAVY RAIN
UTTARAKHAND HEAVY RAIN

UTTARAKHAND HEAVY RAIN: चमोली में भूस्खलन की कई घटनाएँ, बद्रीनाथ हाईवे बंद

चमोली जिले में बारिश और भूस्खलन का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। देवाल क्षेत्र में मोपटा गांव में शुक्रवार रात हुए भूस्खलन में 62 वर्षीय तारा सिंह और उनकी पत्नी 60 वर्षीय कमला देवी की मौत हो गई। उनके घर और गौशाला पर भारी मलबा गिरने से करीब मवेशी भी दब गए। जिले में कई गांवों का संपर्क कट चुका है और एसडीआरएफ की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं। इसके अलावा भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी जगह जगह अवरुद्ध हो गया है, जिससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा मलबा हटाने का काम लगातार जारी हैं।

UTTARAKHAND HEAVY RAIN
UTTARAKHAND HEAVY RAIN

रुद्रप्रयाग में बादल फटने से तबाही, उत्तरकाशी में हाल बेहाल

रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार और जखोली क्षेत्रों में बादल फटने जैसी घटनाओं ने हालात बिगाड़ दिए हैं। जखोली में एक मकान के मलबे में दबने से सरिता देवी की मौत हो गई, जबकि छैनागाड़ क्षेत्र में आठ लोग लापता हैं। जिले में एक ही दिन में तीन बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गईं, जिनसे सड़कें और संपर्क मार्ग बुरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं। उत्तरकाशी जिले के स्यानाच्छती क्षेत्र में यमुना नदी पर बने कृत्रिम तालाब की जल निकासी को लेकर खतरा बना हुआ है। मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले में विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।

UTTARAKHAND HEAVY RAIN
UTTARAKHAND HEAVY RAIN

बागेश्वर और टिहरी में आपदा से भारी  नुकसान

बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील के पौसारी गांव में मलबा गिरने से दो महिलाओं बसंती देवी और बचुली देवी की मौत हो गई, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। एक घायल व्यक्ति का इलाज किया जा रहा है। यहां दो मकान और एक गौशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बैसानी गांव में भी मलबे से एक मकान और गौशाला नष्ट हुई, जिसमें 10 बकरियां, 20 खरगोश और 30 मुर्गियां दब गईं। टिहरी जिले के बालगंगा तहसील के गेंवाली गांव में गदेरे का जलस्तर अचानक बढ़ने से दो छानियां, एक गौशाला, दो मंदिर, जलस्रोत, कृषि भूमि, संपर्क मार्ग और पैदल पुलिया क्षतिग्रस्त हो गए।

UTTARAKHAND HEAVY RAIN
UTTARAKHAND HEAVY RAIN

प्रशासन अलर्ट मोड में

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत राशि देने और क्षतिग्रस्त घरों का मुआवजा जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि वे हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं। जगह जगह सड़क बंद होने से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचना मुश्किल हो रहा है, जिससे राहत और बचाव कार्य धीमे पड़ रहे हैं। प्रशासन द्वारा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है और राहत शिविरों में भोजन, दवा व आश्रय की व्यवस्था की जा रही है।

ये भी पढ़िये-

UTTARAKHAND HEAVY RAIN FORECAST
UTTARAKHAND HEAVY RAIN FORECAST

उत्तराखंड में अभी और बरसेंगे बादल, मौसम विभाग ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

WhatsApp Group
Join Now
DevbhoomiNews Desk
DevbhoomiNews Desk
Abhishek Semwal is Postgraduate in Mass Communication with over three years of experience across digital and print media. Covering a wide range of subjects, with a strong focus on local and regional issues, delivering clear, insightful and engaging content.
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular