/ Feb 07, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
T20 WORLD CUP 2026: क्रिकेट के सबसे छोटे और रोमांचक प्रारूप का महाकुंभ यानी आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 आज से शुरू हो गया है। 8 मार्च तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 55 मुकाबले खेले जाएंगे। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट की शुरुआत आज कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच मुकाबले से हुई। वहीं, भारतीय टीम अपना पहला मैच आज शाम सात बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। इस बार टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है, जबकि इटली जैसी नई टीमें भी इस विश्व कप का हिस्सा हैं।

इस विश्व कप में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें पांच-पांच के चार समूहों (A, B, C, D) में बांटा गया है। ग्रुप स्टेज के दौरान 20 फरवरी तक कुल 40 मैच खेले जाएंगे। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर-8 चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी, जो 21 फरवरी से 1 मार्च तक चलेगा। सुपर-8 में टीमों को फिर से दो ग्रुप (ग्रुप-1 और ग्रुप-2) में बांटा जाएगा। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। टूर्नामेंट के पहले 13 दिनों तक हर रोज तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका समय भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे, दोपहर 3 बजे और शाम 7 बजे रखा गया है।

टूर्नामेंट की शुरुआत विवादों के साथ हुई है। पाकिस्तान ने 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच का बहिष्कार करने का फैसला किया है। आईसीसी नियमों के मुताबिक, पाकिस्तान के हटने की स्थिति में भारत को वॉकओवर के जरिए दो अंक मिल जाएंगे। एक खास नियम यह भी है कि यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम से कोलंबो शिफ्ट कर दिया जाएगा। भारत के मैचों के लिए मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद, कोलकाता और चेन्नई को चुना गया है, जबकि श्रीलंका में कोलंबो और कैंडी के मैदानों पर खेल होगा।

इस बार के विश्व कप में कई दिग्गज खिलाड़ियों की कमी खलेगी। अंतरराष्ट्रीय टी20 से संन्यास ले चुके रोहित शर्मा, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा इस बार मैदान पर नहीं दिखेंगे। हालांकि, रोहित शर्मा को इस टूर्नामेंट का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है। भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव (SKY) के हाथों में है। उपमहाद्वीप की पिचों को देखते हुए सभी टीमों ने अपने स्पिन विभाग को मजबूत किया है। भारत की ओर से कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल की तिकड़ी पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। चोटों के कारण ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस और भारत के यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी भी इस बार नजर नहीं आएंगे।

T20 WORLD CUP 2026 को तेज और निष्पक्ष बनाने के लिए आईसीसी ने कई कड़े नियम लागू किए हैं। इनमें ‘स्टॉप-क्लॉक’ नियम प्रमुख है, जिसके तहत गेंदबाजी टीम को 60 सेकंड के भीतर अगला ओवर शुरू करना अनिवार्य होगा। हर मैच का स्पष्ट नतीजा निकालने के लिए सुपर ओवर का प्रावधान है। बारिश की स्थिति में ग्रुप स्टेज में नतीजा आने के लिए 5-5 ओवर और नॉकआउट मुकाबलों (सेमीफाइनल और फाइनल) में 10-10 ओवर का खेल होना जरूरी है। सभी मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर लाइव देखे जा सकेंगे।

एमसीसी ने किया क्रिकेट के 73 नियमों में बदलाव, 1 अक्टूबर 2026 से होंगे लागू
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.