जंगली सूअर के लिए लगाए फंदे में फंस गया तेंदुआ, सेल्फी लेने उमड़े लोग

0
175

काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को वन विभाग की टीम ने किया ट्रेंकुलाइज, दो दिन बाद छोड़ा जाएगा जंगल

हल्द्वानी, ब्यूरो। हल्द्वानी क्षेत्र के तराई केंद्रीय वन प्रभाग के भाखड़ा वन रेंज से लगे एक गांव में सुअर के लिए लगाए गए फंदे में तेंदुआ फंस गया। गांव के प्रधान ने इस संबंध में वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद पहुंची डाॅक्टरों और वन विभाग की टीम ने ट्रेंक्यूलाइज कर काठगोदाम रेस्क्यू सेंटर ले जाया गया। इस दौरान भी डाॅक्टरों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। तेंदुए के फंदे में फंसने की सूचना के बाद मौके पर आस-पास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। लोग अपने-अपने फोन से इस सीन को सेल्फी लेकर कैद करने में जुट गए। ग्राम प्रधान जहां शिकारी के फंदे में तेंदुए के फंसने की बात कह रहा है। वहीं वन विभाग सोलर फेसिंग के तार में तेंदुए के फंसने की बात कर रहा है।

tendua

वहीं, आस-पास के लोगों के अनुसार सूअर के लिए लगाए गए फंदे में तेंदुआ फंसा है। मिली जानकारी के अनुसार तराई केंद्रीय वन प्रभाग के भाखड़ा रेंज के अधिकारियों को सुबह नौ बजे गांव की सीमा पर तेंदुए के फंसने की सूचना मिली। ग्राम प्रधान की सूचना के बाद रेंजर तनुजा परिहार वन विभाग की टीम के साथ आरटीओ रोड दीक्षांत स्कूल के पीछे पहुंचीं। यहां तेंदुआ एक फंदे में फंसा हुआ था। इसके बाद रेंजर की ओर से तेंदुए को रेस्क्यू करने के लिए विशेषज्ञों के डॉक्टरों की टीम बुलाई गई। वन विभाग के डॉ. हिमांशु पांगती और डॉ. आयुष उनियाल ट्रेंक्यूलाइज गन के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहला डॉट मारा जो सीधे तेंदुए की गर्दन में लगा। इसके बाद डाक्टरों की टीम ने 20 मिनट इंतजार किया लेकिन वह बेहोश नहीं हुआ। इसके बाद तेंदुए को दूसरा डॉट मारा गया, जो बाल में ही अटक गया। इसके बाद डाॅक्टरों की टीम ने तीसरा डॉट मारा जो सटीक निशाने पर लगा और 10 मिनट बाद तेंदुआ बेहोश हो गया।

0tendua

YOU MAY ALSO LIKE

वन विभाग की टीम ने तेंदुए को तार काटकर फंदे से अलग किया और पिंजरे में डालकर उसे काठगोदाम रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर ले लाया। यहां तेंदुए को ग्लूकोज चढ़ाया गया। डाक्टरों ने बताया कि तेंदुए के शरीर में कहीं चोट का निशान नहीं है। दांत भी सही हैं। कहा कि दो दिन देखने के बाद तेंदुए को जंगल में छोड़ा जाएगा। इसी दौरान यहां तेंदुए को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई।

वन विभाग की टीम को भीड़ को हटाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। जैसे ही वन विभाग की टीम ने तेंदुए को रेस्क्यू कर पिंजरे में डाला तो लोग फोटो लेने के लिए पिंजरे के पास पहुंच गए। कई लोग उसकी वीडियो बनाने लगे। कुछ उसके साथ सेल्फी भी खींचने लगे। दूसरी ओर तेंदुए को ट्रेंक्यूलाइज करने के लिए वन विभाग को जेसीबी भी बुलानी पड़ी। बड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बचा लिया गया है। दो दिन तेंदुए के हाल-चाल पर नजर रखने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा।