पहाड़ के इस छोटे से गांव के शशांक ने किया गांव का नाम रोशन

0
257

 

चमोली (संवाददाता- पुष्कर सिंह नेगी): जिला मुख्यालय गोपेश्वर से सटे खल्ला गांव के शशांक बिष्ट का एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) के लिए चयन हुआ है। इससे गांव में जश्न का माहौल बना है।

खल्ला गांव के शिक्षक हरेंद्र सिंह बिष्ट के बेटे शशांक बिष्ट ने सेना में कदम रखने की ठानी। इसके चलते वह गोपेश्वर में ही रात- दिन पढ़ाई कर एनडीए की तैयारियों में जुटा रहा। काफी मेहनत के बाद शशांक ने एनडीए की परीक्षा पास कर डाली। एनडीए के लिए चयन होने का समाचार मिलते ही गांव में जश्न मनाया जाने लगा। शशांक का कहना है कि सती माता अनुसूया देवी के आशीर्वाद तथा माता-पिता और दादी के मार्गदर्शन से ही उसे मुकाम हासिल हुआ है। शशांक ने क्राइस्ट एकेडमी गोपेश्वर से प्राइमरी से लेकर हाईस्कूल तक की शिक्षा हासिल की। इंटरमीडिएट की शिक्षा पीस पब्लिक स्कूल गोपेश्वर से उत्तीर्ण की। इसके बाद वह एनडीए की तैयारी में जुट गया और सफलता हाथ लग गई। शशांक के पिता हरेंद्र सिंह बिष्ट राजकीय जूनियर हाईस्कूल सरतोली (दशोली) में तैनात हैं जबकि माता राखी बिष्ट गृहणी हैं।

शशांक ने दादी सावित्री देवी के साथ गोपेश्वर में ही रह कर शिक्षा हासिल की। इस तरह शशांक को दादी सावित्री देवी की मेहनत रंग लाई। शशांक का कहना है कि दादी के ही मार्गदर्शन में ही पढ़ाई लिखाई होती रही। पिता-माता का आशीर्वाद भी उसके साथ रहा। यह भी संयोग ही है कि शनिवार देर सायं सती माता अनुसूया मेले से खल्ला की मां अनुसूया की देव डोली वापस लौटी तो शशांक बिष्ट के एनडीए में चयनित होने की खबर मिली। इस खबर के बाद गांव में जश्न मनाया जाने लगा। बेटे की कामयाबी पर माता-पिता तथा दादी की खुशी का ठिकाना न रहा। शशांक ने कहा कि सती माता अनुसूया के आशीर्वाद से ही वह मुकाम हासिल करने में कामयाब रहा।

शशांक के दादा शिवराज सिंह बिष्ट सेना में सुबेदार रहे हैं जबकि नाना नैल गांव निवासी नरेंद्र सिंह भंडारी भी सेना में सेवा दे चुके हैं। खल्ला गांव के प्रधान अरविंद सिंह बिष्ट, पूर्व प्रधान जगत सिंह बिष्ट, धर्मस्व समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नेगी, पूर्व प्रधानाचार्य अयोध्या प्रसाद त्रिपाठी, महिला मंगल दल अध्यक्ष रेखा बिष्ट, प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व ब्लाक अध्यक्ष प्रेम सिंह फस्र्वाण आदि ने शशांक को शुभकामनाएं दी और एनडीए में चयन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे गांव तथा क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।

https://devbhoominews.com Follow us on Facebook at https://www.facebook.com/devbhoominew…. Don’t forget to subscribe to our channel https://www.youtube.com/devbhoominews