REPUBLIC DAY 2026: देवभूमि उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में आज 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में किया गया, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद रहे। परेड ग्राउंड में राज्यपाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से विकास और संस्कृति को दर्शाती हुई आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं।

REPUBLIC DAY 2026: यूसीसी ने मातृशक्ति को दिया सुरक्षा का कवच-राज्यपाल
अपने संबोधन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारत रक्षा, अंतरिक्ष और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में विश्व पटल पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उत्तराखंड की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए राज्यपाल ने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के माध्यम से राज्य ने अपनी माताओं, बहनों और बेटियों को सुरक्षा और समानता का एक मजबूत कानूनी कवच प्रदान किया है। राज्यपाल ने उत्तराखंड को अध्यात्म का वैश्विक केंद्र और वेलनेस हब बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए सरकार संकल्पित: सीएम धामी
मुख्य समारोह से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम आवास पर तिरंगा फहराया और वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व हमें संविधान के आदर्शों न्याय, स्वतंत्रता और समानता के प्रति प्रतिबद्ध रहने की याद दिलाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उस कथन का जिक्र किया जिसमें उन्होंने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया था। सीएम ने कहा कि सरकार इस विजन को साकार करने और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।

बर्फबारी के बीच बच्चों का हौसला और प्रदेश भर में REPUBLIC DAY 2026 का जश्न
REPUBLIC DAY 2026 का उत्साह केवल राजधानी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों में भी इसका जोश देखने को मिला। उत्तरकाशी में बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच स्कूली बच्चों ने मार्च पास्ट कर अदम्य साहस का परिचय दिया। वहीं पिथौरागढ़ और हल्द्वानी में सुबह सात बजे ही एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरियां निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। हरिद्वार में योगगुरु बाबा रामदेव ने तिरंगा फहराया, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वीडियो संदेश के जरिए जनता को बधाई दी।

देश मना रहा 77वां गणतंत्र दिवस: कर्तव्य पथ पर दिखी भारत की सैन्य ताकत और सांस्कृतिक विरासत
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

