REPUBLIC DAY 2026: आज भारतवर्ष अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मना रहा है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित मुख्य समारोह में देश की आन-बान और शान का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र ध्वज फहराकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया, जिसके साथ ही पूरा वातावरण राष्ट्रगान की धुन और 21 तोपों की सलामी की गूंज से देशभक्ति के रंग में रंग गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।

REPUBLIC DAY 2026: राष्ट्रपति ने ली परेड की सलामी
समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री कर्तव्य पथ पहुंचे जहां उन्होंने राष्ट्रपति और मुख्य अतिथियों की अगवानी की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ठीक सुबह 10 बजकर 37 मिनट पर परेड की सलामी ली। इस दौरान एक बेहद भावुक और गर्व करने वाला क्षण तब आया जब राष्ट्रपति ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को शांति काल के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया। उनके अदम्य साहस और वीरता के सम्मान में पूरा देश नतमस्तक दिखाई दिया।

‘वंदे मातरम्’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की थीम पर झांकियां
इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र-वंदे मातरम्’ और ‘समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है। इस समारोह में कर्तव्य पथ पर कुल 30 झांकियां हैं, जो भारत की सांस्कृतिक विविधता, सैन्य शक्ति और विकास की गाथा को बयां कर रही हैं। परेड में विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में प्रयोग किए गए प्रमुख हथियारों के मॉडलों का प्रदर्शन किया गया, जिसने दर्शकों में रोमांच भर दिया। यह प्रदर्शन भारत की रक्षा क्षेत्र में बढ़ती आत्मनिर्भरता और आधुनिक सैन्य क्षमताओं का जीता-जागता सबूत है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, किले में तब्दील हुई दिल्ली
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। पूरी दिल्ली को एक तरह से छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती के बीच देश और दुनिया के लोग भारत की लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक देख रहे हैं। कर्तव्य पथ पर निकलने वाली परेड में देश की तीनों सेनाओं के दस्ते, अत्याधुनिक हथियार और विभिन्न राज्यों की रंग-बिरंगी झांकियां ‘अनेकता में एकता’ के संदेश को पूरी दुनिया तक पहुंचा रही हैं।

गणतंत्र दिवस परेड में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रहेगा मुख्य आकर्षण, कर्तव्य पथ पर तीनों सेनाएं दिखाएंगी झांकी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

