RAJNATH SINGH HALDWANI RALLY: उत्तराखण्ड की पुष्कर सिंह धामी सरकार के ‘4 साल, बेमिसाल’ कार्यकाल के उपलक्ष्य में शनिवार को कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में भाजपा का अभूतपूर्व शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। स्थानीय एमबी इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रदेश सरकार की पीठ थपथपाई। रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी को ‘धाकड़’ के साथ-साथ ‘धुरंधर’ की नई उपाधि देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
RAJNATH SINGH HALDWANI RALLY: ‘अजातशत्रु’ और ‘अभिभावक’ की शानदार केमिस्ट्री
RAJNATH SINGH HALDWANI RALLY की शुरुआत से ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच एक विशेष आत्मीयता और केमिस्ट्री नजर आई। आर्मी हेलीपैड पर उतरते ही सीएम धामी ने राजनाथ सिंह को पारंपरिक ‘उत्तराखण्डी टोपी’ पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर भव्य स्वागत किया। मंच पर संबोधन के दौरान सीएम धामी ने राजनाथ सिंह को ‘अजातशत्रु’ और अपना मार्गदर्शक बताया, वहीं राजनाथ सिंह ने भी धामी को अपना स्नेह और आशीष दिया। रक्षा मंत्री ने कहा, “उत्तराखण्ड देवों और वेदों की भूमि है, यहाँ के लोगों में पर्वत जैसी अटलता है और धामी इस संकल्प को बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं।”
तुष्टिकरण और डेमोग्राफी पर कड़ा प्रहार
अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के चलते देवभूमि की डेमोग्राफी (जनसांख्यिकी) को बिगाड़ने का काम किया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “आज स्थिति बदल चुकी है, प्रदेश में कोई भी अवैध कब्जा करने से पहले सौ बार सोचता है क्योंकि हमारी सरकार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।” रक्षा मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने मंच से संदेश दिया कि मध्य पूर्व (वेस्ट एशिया) में जारी मौजूदा जंग का समाधान केवल बातचीत के जरिए ही संभव है।

नकल विरोधी कानून और रोजगार का रिपोर्ट कार्ड
RAJNATH SINGH HALDWANI RALLY के दौरान सरकार की उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश करते हुए राजनाथ सिंह ने ‘सख्त नकल विरोधी कानून’ का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब नकल माफिया युवाओं के सपनों को चकनाचूर कर देते थे, लेकिन धामी सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित कर 30,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देकर इतिहास रचा है।
इसके साथ ही उन्होंने खनन क्षेत्र में हुए सुधारों की सराहना करते हुए बताया कि राज्य खनन तत्परता सूचकांक में उत्तराखण्ड को देशभर में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने राज्य को 200 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की है।
25 हजार की भीड़ और 2027 का रोडमैप
भाजपा संगठन ने इस RAJNATH SINGH HALDWANI RALLY को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के आगाज के रूप में पेश किया है। कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कोने-कोने से कार्यकर्ताओं को लाने के लिए 200 से अधिक बसों का इंतजाम किया गया था। मैदान में 10 हजार से अधिक कुर्सियां छोटी पड़ गईं और पार्टी का दावा है कि जनसभा में 20 से 25 हजार लोग शामिल हुए। मंच पर कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर आने वाले चुनाव में फिर से ‘कमल’ खिलाने का संकल्प लिया।

उत्तराखण्ड में शुक्रवार को हुए पांच नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद अब शासन और संगठन का पूरा ध्यान ‘दायित्वधारियों’ की नई सूची पर टिक गया है। सूत्रों के अनुसार, धामी सरकार ने विभिन्न निगमों, बोर्डों और आयोगों में खाली पदों को भरने के लिए नामों पर अंतिम मुहर लगा दी है। माना जा रहा है कि केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हल्द्वानी दौरे के समापन के बाद, सोमवार तक इस बहुप्रतीक्षित सूची को जारी कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़िए- DHAMI CABINET का विस्तार: 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ, लोकभवन में हुआ शपथग्रहण
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

