PAK-AFGHAN WAR: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब एक भीषण और खुली जंग में तब्दील हो गया है। शुक्रवार तड़के पाकिस्तान वायुसेना ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल समेत कंधार, नंगरहार और पक्तिया प्रांतों में जबरदस्त एयरस्ट्राइक की। पाकिस्तान ने इस सैन्य अभियान को ऑपरेशन ‘गजब लिल-हक’ (Ghazab Lil-Haq) नाम दिया है। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पुष्टि की है कि अब दोनों देशों के बीच “खुला युद्ध” छिड़ गया है।

PAK-AFGHAN WAR में दावों और जवाबी हमलों का दौर
जंग की शुरुआत गुरुवार देर रात अफगानिस्तान द्वारा पाकिस्तान की सीमा चौकियों पर किए गए हमले से हुई, जो रविवार को हुई पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक का बदला था।
-
पाकिस्तान का दावा: पाकिस्तान ने काबुल और कंधार में किए गए हमलों में 133 अफगान लड़ाकों को मारने और उनके 2 कोर मुख्यालय, 3 ब्रिगेड मुख्यालय और 80 से अधिक टैंक व बख्तरबंद वाहनों को नष्ट करने का दावा किया है।
-
तालिबान का दावा: तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने दावा किया है कि उनके पलटवार में 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं और उन्होंने पाकिस्तान की 19 चौकियों व 2 बेस पर कब्जा कर लिया है। अपुष्ट खबरों के अनुसार, तालिबान ने एक पाकिस्तानी जेट गिराने का भी दावा किया है।

भारत का रुख: पाकिस्तान को ठहराया जिम्मेदार
इस युद्ध पर भारत की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन विदेश मंत्रालय के पिछले बयानों ने रुख साफ कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हाल ही में पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान अपनी अंदरूनी नाकामियों के लिए पड़ोसियों पर इल्जाम लगाता है। भारत ने स्पष्ट किया कि पाकिस्तान आतंकवाद को पनाह देता है और वह इस बात से नाराज है कि अफगानिस्तान अपनी संप्रभुता (Sovereignty) का इस्तेमाल कर रहा है।

जंग की जड़: डूरंड लाइन और टीटीपी
तनाव का मुख्य केंद्र डूरंड लाइन है, जिसे अफगानिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के रूप में मान्यता नहीं देता। पाकिस्तान का आरोप है कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूच अलगाववादी अफगान जमीन का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं। वहीं, काबुल इन आरोपों को खारिज करता रहा है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने दोनों देशों से कूटनीति के जरिए विवाद सुलझाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

भारत ने जारी की पहली नेशनल काउंटर टेररिज्म पॉलिसी, देश के दुश्मनों पर होगा कड़ा ‘प्रहार’
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

