/ Mar 27, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
NAINITAL BUS ACCIDENT: उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। खुपी क्षेत्र में भवाली से करीब 5 किलोमीटर दूर ज्योलीकोट रोड पर स्थित भूमियाधार मंदिर के पास KMOU लिमिटेड की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
SDRF के सब-इंस्पेक्टर मनीष भाकुनी ने बताया कि KMOU लिमिटेड की यह बस हल्द्वानी से पिथौरागढ़ के डीडीहाट के लिए रवाना हुई थी। बस में 14 से 16 के बीच यात्री सवार थे। रास्ते में खुपी क्षेत्र में पहुंचने पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर ही पलट गई। हादसे से पहले बस ने दो अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी थी।
जानकारी के अनुसार बस के आगे एक मैक्स गाड़ी पिथौरागढ़ के मुनस्यारी की ओर जा रही थी। बस चालक ने उसे ओवरटेक करने की कोशिश में रफ्तार बढ़ा दी। इसी आपाधापी में बस अनियंत्रित हो गई और दो अन्य वाहनों को टक्कर मारते हुए सड़क पर ही पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस अचानक संतुलन खो बैठी जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

NAINITAL BUS ACCIDENT की सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम 112 को खबर दी गई। इसके बाद नैनीताल पुलिस ने SDRF टीम को मौके पर बुलाया। तल्लीताल थानाध्यक्ष मनोज नयाल सहित SDRF और दमकल की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया।
6 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर किया गया जिनमें से 5 की हालत गंभीर बनी हुई है। 2 अन्य घायलों का उपचार भवाली अस्पताल में चल रहा है। NAINITAL BUS ACCIDENT हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की हालत भी गंभीर बताई जा रही है और उन्हें भी हल्द्वानी भेजा गया है।
चौकी प्रभारी के अनुसार NAINITAL BUS ACCIDENT में जिस व्यक्ति की मौत हुई वह करीब 44 साल के थे। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
9 मार्च को हरिद्वार-देहरादून नेशनल हाईवे पर मोतीचूर फ्लाईओवर (रायवाला, होटल गॉडविन के पास) पर भीषण चेन रिएक्शन हादसा हुआ। उत्तराखंड रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मारी, जिससे स्कॉर्पियो एन (सीएनजी), कैंटर और अन्य वाहनों सहित कुल 6 वाहनों में टक्कर हुई। सीएनजी सिलेंडर में आग लग गई। इस हादसे में कुसुम (30 वर्षीय, नजीबाबाद, बिजनौर, उत्तर प्रदेश) की मौत हो गई। वह तीन बच्चों (सोनिया, अंशिका, दिव्यांशु) की मां थीं और उनके पति सच्चिन दिव्यांग हैं। 15 लोग घायल हुए, जिनमें 6-7 बच्चे (2 महीने की बच्ची सहित) शामिल थे।

15 मार्च 2026 को पिथौरागढ़ जिले में बंगापानी (मुनस्यारी रोड पर, जिला मुख्यालय से करीब 90 किमी दूर) में एक कार अनियंत्रित होकर 20 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई अंकित पांडे (28), आयुष पंत (29) और लक्ष्मण सिंह नेगी (35)। एक व्यक्ति देवेंद्र भट्ट गंभीर रूप से घायल हुआ और अस्पताल में भर्ती है। मुनस्यारी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया। दो व्यक्ति घटनास्थल पर ही मारे गए, जबकि एक अस्पताल ले जाते समय मर गया। 20 मार्च 2026 को भी देहरादून में दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हुए।
नैनीताल जनपद में यह पहला बड़ा बस हादसा नहीं है। इससे पहले 25 दिसंबर 2024 को भीमताल इलाके के ओखल के पास एक रोडवेज बस गहरी खाई में गिर गई थी। उस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई थी और 25 लोग घायल हुए थे। उस बस में 29 यात्री सवार थे और वह पिथौरागढ़ से हल्द्वानी आ रही थी। इन बार-बार होने वाले हादसों ने पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।(NAINITAL BUS ACCIDENT)
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.