IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का औपचारिक ऐलान हो चुका है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुष्टि कर दी है कि दुनिया की सबसे चर्चित टी-20 लीग का आगाज 28 मार्च 2026 से होने जा रहा है। इस बार का टूर्नामेंट न केवल खेल के रोमांच, बल्कि कई नए बदलावों, ऐतिहासिक ऑक्शन और चोटिल खिलाड़ियों के कारण चर्चा के केंद्र में है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) अपने खिताब की रक्षा करने के लिए तैयार है, वहीं अन्य नौ टीमें नए समीकरणों के साथ मैदान पर उतरेंगी।
बेंगलुरु में होगा IPL 2026 का पहला मुकाबला, शेड्यूल जारी
बीसीसीआई ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल टूर्नामेंट के पहले चरण का शेड्यूल जारी किया है। आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मुकाबला मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। कर्नाटक सरकार ने भी इस आयोजन को हरी झंडी दे दी है। गौरतलब है कि पिछले साल आरसीबी की जीत के बाद हुई भगदड़ की घटना के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को इस बार बेहद सख्त किया गया है।

चोटिल खिलाड़ी और कप्तानी का नया समीकरण
IPL 2026 शुरू होने से पहले ही कुछ टीमों को बड़े झटके लगे हैं। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के नियमित कप्तान पैट कमिंस बैक इंजरी के कारण शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं। एशेज सीरीज के दौरान लगी यह चोट कमिंस के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। उनकी अनुपस्थिति में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को कप्तानी सौंपी जा सकती है।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को भी दोहरे झटके लगे हैं। टीम के स्टार तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। राणा के अलावा श्रीलंका के घातक गेंदबाज मथीशा पथिराना भी फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, केकेआर ने हर्षित राणा का रिप्लेसमेंट नहीं लेने का फैसला किया है, क्योंकि टीम के पास वैभव अरोड़ा और उमरान मलिक जैसे विकल्प मौजूद हैं। वहीं मैनेजमेंट को उम्मीद है कि 18 करोड़ में खरीदे गए पथिराना टूर्नामेंट के बीच में टीम से जुड़ सकते हैं।
IPL 2026 ऑक्शन के रिकॉर्ड और टीमों के नए चेहरे
दिसंबर 2025 में अबू धाबी में संपन्न हुए मिनी ऑक्शन ने आईपीएल इतिहास के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। केकेआर ने कैमरन ग्रीन को ₹25.20 करोड़ की भारी-भरकम बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने भी भविष्य की योजना के तहत कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर जैसे अनकैप्ड खिलाड़ियों पर ₹14.20-14.20 करोड़ खर्च कर सबको चौंका दिया।

IPL 2026 में अनुभव बनाम युवा जोश: 14 साल के वैभव से लेकर 44 के धोनी तक
IPL 2026 में पीढ़ीगत अंतराल की एक दिलचस्प कहानी भी देखने को मिलेगी। एक तरफ 14 साल के वैभव सूर्यवंशी हैं, जिन्होंने पिछले सीजन में 35 गेंदों में शतक जड़कर सनसनी मचा दी थी, वहीं दूसरी ओर 44 साल के दिग्गज एमएस धोनी हैं। वैभव इस सीजन के सबसे युवा खिलाड़ी होंगे, जबकि धोनी सबसे उम्रदराज। इनके अलावा चेन्नई के आयुष म्हात्रे (18 वर्ष) और आरसीबी के सात्विक देसवाल (18 वर्ष) जैसे युवा अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। वहीं, रोहित शर्मा (38 वर्ष), विराट कोहली (37 वर्ष) और ईशांत शर्मा (37 वर्ष) जैसे अनुभवी सितारे अपने कौशल से युवाओं को चुनौती देंगे।
बीसीसीआई की सख्त गाइडलाइंस और नई व्यवस्थाएं
बीसीसीआई ने खेल की निष्पक्षता और पिचों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इस बार कड़े नियम लागू किए हैं। टीमों को अभ्यास के लिए अब ‘फ्रेश नेट्स’ दिए जाएंगे और कोई भी टीम दूसरे की नेट्स का इस्तेमाल नहीं कर पाएगी। अभ्यास मैचों की अवधि भी 3.5 घंटे तक सीमित कर दी गई है। इसके साथ ही, टाटा ग्रुप 2028 तक टाइटल स्पॉन्सर बना रहेगा और जियोस्टार (JioStar) के पास प्रसारण अधिकार सुरक्षित हैं।

31 मई को बेंगलुरु में होने वाले फाइनल के साथ इस दो महीने लंबे क्रिकेट उत्सव का समापन होगा। इस दौरान कुल 84 मैच खेले जाएंगे, जिसमें डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट और कड़े प्लेऑफ मुकाबले शामिल होंगे। फैंस विराट कोहली, रोहित शर्मा और धोनी जैसे दिग्गजों को एक बार फिर आमने-सामने देखने के लिए उत्साहित हैं।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

