KEDARNATH HOSPITAL: विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में अब श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को और भी बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) द्वारा निर्मित 40 बेड की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया।
लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ जैसे चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्र में इस अस्पताल की स्थापना राज्य सरकार की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और कहा कि यह धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है।
KEDARNATH HOSPITAL में मिलेगी आधुनिक चिकित्सा सुविधा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।

यात्रा मार्ग पर डॉक्टर, ऑक्सीजन और आपातकालीन सेवाएं तैनात
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक प्रदेश में लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिसके माध्यम से लाखों मरीजों को निःशुल्क उपचार मिल रहा है।
इसके साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है और इसी भावना के साथ सरकार देवभूमि में स्वास्थ्य और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है।

बता दें कि KEDARNATH धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर यात्रा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। बीते गुरुवार को भी जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का औचक स्थलीय जायजा लिया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा यात्रा संचालन पूरी तरह व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित किया जाए।
जिलाधिकारी ने KEDARNATH के दर्शन हेतु संचालित टोकन एवं कतार व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं से भी संवाद स्थापित कर उनके सुझाव लिए तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जाएं तथा भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने धाम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं, पुलिस बल की कार्यप्रणाली एवं भीड़ प्रबंधन का निरीक्षण करते हुए सभी को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह तैयार है।
KEDARNATH निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, विद्युत आपूर्ति, आवास, भोजन एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी ली गई तथा संबंधित विभागों को सभी सेवाएं सुचारु रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए गए।
डिस्क्लेमर: ऊपर दी गई KEDARNATH HOSPITAL से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया, गूगल और विभिन्न वेबसाइट्स/न्यूज़ मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

