/ Mar 28, 2026
All rights reserved with Masterstroke Media Private Limited.
IPL 2026: आज से भारतीय प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का आगाज आज 28 मार्च 2026 को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हो रहा है। पहला मैच शाम 7:30 बजे गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जायेगा। इस बार BCCI ने पारंपरिक ओपनिंग सेरेमनी रद्द करने का फैसला किया है। यह फैसला 4 जून 2025 को बेंगलुरु में RCB की खिताबी जीत के जश्न के दौरान हुई भगदड़ की दुखद घटना के प्रति सम्मान में लिया गया है, जिसमें 11 लोगों की जान गई थी।
BCCI सचिव देवाजीत सैकिया के अनुसार इस साल किसी भी मनोरंजन कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा और मैच से पहले दोनों टीमें एक मिनट का मौन रखेंगी। IPL 2026 टूर्नामेंट के अंत में 31 मई को भव्य क्लोजिंग सेरेमनी की योजना है।
RCB की कप्तानी रजत पाटीदार कर रहे हैं जो पिछले सीजन टीम को खिताब दिलाने के बाद एक बार फिर नेतृत्व संभाल रहे हैं। विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, टिम डेविड और क्रुनाल पंड्या जैसे खिलाड़ियों से टीम की बैटिंग लाइनअप मजबूत है। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल अहम भूमिका निभाएंगे, हालांकि जोश हेजलवुड और नुवान थुशारा की उपलब्धता पर अनिश्चितता बनी हुई है।
SRH की ओर से नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण शुरुआती मैच में उपलब्ध नहीं हैं और ईशान किशन टीम की कमान संभाल रहे हैं। ट्रेविस हेड, हेनरिक क्लासेन, अभिषेक शर्मा और नितीश कुमार रेड्डी जैसे खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। चिन्नास्वामी की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है।

चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए आज एक निराशाजनक खबर आई। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी कर पुष्टि की है कि 44 वर्षीय MS धोनी काफ स्ट्रेन यानी मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या के कारण IPL 2026 के शुरुआती दो हफ्तों में नहीं खेल पाएंगे। फिलहाल वे रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। IPL 2026 में धोनी की अनुपस्थिति में राजस्थान रॉयल्स से ट्रेड के जरिए CSK में शामिल हुए संजू सैमसन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। CSK का पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी के बारसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है।
BCCI ने IPL 2026 का पूरा शेड्यूल दो चरणों में जारी किया है। पहला चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल तक चलेगा और बाकी मैच 13 अप्रैल से 24 मई तक होंगे। फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। 10 टीमें डबल राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में कुल 74 मैच 13 वेन्यूज पर खेलेंगी और हर टीम लीग स्टेज में 14 मैच खेलेगी। टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर JioHotstar पर मैचों का सीधा प्रसारण होगा।
28 मार्च को बेंगलुरु में RCB बनाम SRH से टूर्नामेंट की शुरुआत हुई है। 29 मार्च को मुंबई में MI बनाम KKR, 30 मार्च को गुवाहाटी में RR बनाम CSK, 31 मार्च को न्यू चंडीगढ़ में PBKS बनाम GT और 1 अप्रैल को लखनऊ में LSG बनाम DC का मैच होगा।

IPL 2026 में कई टीमों को चोटों का सामना करना पड़ रहा है। नाथन एलिस हमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह स्पेंसर जॉनसन को CSK में शामिल किया गया है। हरशित राणा घुटने की सर्जरी के कारण पूरे सीजन से बाहर हैं और KKR ने उनकी जगह नवदीप सैनी को टीम में लिया है। राजस्थान रॉयल्स के सैम कुरेन ग्रोइन चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हैं। मथीशा पथिराना काफ स्ट्रेन के कारण मिड-अप्रैल तक उपलब्ध नहीं रहेंगे।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
All Rights Reserved with Masterstroke Media Private Limited.