HALDWANI DOUBLE MURDER: नैनीताल जिले के हल्द्वानी से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बरेली रोड स्थित नवीन मंडी परिसर की गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह एक युवक और एक युवती के लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। दोनों की हत्या पत्थरों से कुचलकर अत्यंत निर्मम तरीके से की गई है। इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मंडी जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
HALDWANI DOUBLE MURDER: शवों की शिनाख्त और घटनास्थल का नजारा
गुरुवार सुबह जब मंडी के व्यापारी और मजदूर काम पर पहुंचे, तो उन्होंने गल्ला मंडी के भीतर दो शव पड़े देखे। मृतकों के सिर और चेहरे पत्थरों से इस कदर कुचले गए थे कि उन्हें पहचानना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से पूरे इलाके को सील कर दिया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।

मृतकों की पहचान उनके पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर हुई है। मृत युवक की पहचान 31 वर्षीय शुभम कुमार टम्टा के रूप में हुई है, जो तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा का रहने वाला था। वहीं, मृत युवती की पहचान 19 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है, जो तल्ली पोखरी, नैनीताल की निवासी थी। पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।(HALDWANI DOUBLE MURDER)

आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग? जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस इसे आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला मानकर चल रही है। जिस तरह से चेहरे को पत्थरों से निशाना बनाया गया है, वह किसी गहरी व्यक्तिगत नफरत की ओर इशारा करता है। पुलिस मंडी परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक-युवती मंडी परिसर में कब दाखिल हुए और उनके साथ कौन-कौन मौजूद था। (HALDWANI DOUBLE MURDER)
पुलिस ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। मंडी के व्यापारियों, पल्लेदारों और वहां काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। चंपावत और अल्मोड़ा से जुड़े इन दोनों मृतकों के मोबाइल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आखिरी कॉल और लोकेशन का पता चल सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

देहरादून तिब्बती मार्केट हत्याकांड के दोनों शूटर गिरफ्तार, पुलिस के साथ मुठभेड़ में पकड़े गये
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

