DEHRADUN TIBETAN MARKET MURDER: देहरादून के तिब्बती मार्केट के बाहर हुई गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वारदात के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर के लाडपुर जंगल और लालतप्पड़ क्षेत्र में हुई इन मुठभेड़ों में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी अजय सिंह ने खुद अस्पताल पहुंचकर आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ की और कार्रवाई का जायजा लिया।

DEHRADUN TIBETAN MARKET MURDER: लाडपुर और लालतप्पड़ में हुई पुलिस से मुठभेड़
पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई, जहां पुलिस की घेराबंदी के दौरान एक बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। वहीं, दूसरी मुठभेड़ लालतप्पड़ चौकी के पास हुई। यहां चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार संदिग्ध ने भागने की कोशिश की और एक खंडहर फैक्ट्री में छिपकर पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों बदमाशों के पास से दो देसी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई नीली स्कूटी बरामद कर ली गई है।

सगे भाइयों ने ली थी 15 लाख की सुपारी
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी सगे भाई हैं और पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक के रहने वाले हैं। इनकी पहचान पंकज राणा और राजू राणा के रूप में हुई है। राजू राणा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर 1997 में क्लेमेनटाउन थाने में भी हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि अर्जुन शर्मा की हत्या के लिए 15 लाख रुपये की सुपारी (डील) दी गई थी। हालांकि, सुपारी किसने दी और हत्या का मुख्य मास्टरमाइंड कौन है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस दोबारा पूछताछ की तैयारी कर रही है।

घात लगाकर की गई थी दिनदहाड़े हत्या
बता दें कि बुधवार सुबह भारत गैस एजेंसी के संचालक अर्जुन शर्मा की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वे परेड ग्राउंड में लॉन टेनिस खेलने के बाद अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में दोनों शूटर वारदात से पहले दुकान के सामने खड़े होकर सिगरेट पीते और अर्जुन शर्मा की रेकी करते हुए दिखाई दिए थे। जैसे ही अर्जुन शर्मा अपनी किट रखकर गाड़ी के पास पहुंचे, आरोपियों ने नजदीक से उनकी छाती में गोली मार दी। पुलिस अब इस हत्याकांड के पीछे के आर्थिक लेनदेन, निवेश और प्रॉपर्टी विवाद जैसे सभी पहलुओं को जोड़कर मुख्य साजिशकर्ता तक पहुँचने का प्रयास कर रही है।

देहरादून में तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, शहर में सनसनी
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

