DEHRADUN NURSING PROTEST : देहरादून में वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर जारी नर्सिंग अभ्यर्थियों का पानी की टंकी पर करीब 60 घंटे का प्रदर्शन आखिरकार समाप्त हो गया। 13 मई को सरकार की तरफ से आश्वासन मिलने के बाद नर्सिंग एकता मंच ने अपना धरना स्थगित कर दिया।
इसके बाद महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला और चार नर्सिंग अभ्यर्थी टंकी से नीचे उतरे। नीचे उतरने पर मौके पर मौजूद लोगों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
DEHRADUN NURSING PROTEST: टंकी से उतरे नर्सिंग अभ्यर्थी
ज्योति रौतेला को नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की सीढ़ियां लगाई गईं। SDRF और फायर सर्विस के प्रयासों से पांचों लोगों को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में पानी की टंकी से उतारा गया। इससे पहले सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर नर्सिंग एकता मंच के प्रतिनिधियों से प्रदर्शन खत्म करने की अपील की थी।
टंकी से नीचे उतरने पर मौके पर मौजूद लोगों ने ‘ज्योति रौतेला जिंदाबाद’ के नारे लगाए और ज्योति रौतेला भावुक हो गईं। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित कई कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।

साढ़े पांच महीने के धरने के बाद शुरू हुआ था उग्र आंदोलन
नर्सिंग एकता मंच उत्तराखंड के बैनर तले नर्सिंग अभ्यर्थी करीब साढ़े पांच महीने से वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर धरना दे रहे थे। मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय न होने के कारण तीन दिन पहले आंदोलनकारियों ने उग्र रूप अख्तियार कर लिया और ज्योति रौतेला सहित नर्सिंग अभ्यर्थी सर्वे चौक स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए।
आंदोलन के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने खुद पर पेट्रोल भी छिड़क लिया था, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पानी की टंकी के नीचे बैठे सैकड़ों आंदोलनकारियों ने सड़क जाम कर दिया था और कई प्रदर्शनकारियों की तबीयत भी बिगड़ गई थी।
DG हेल्थ ने किया वार्ता का प्रयास, लेकिन नहीं निकला हल
DEHRADUN NURSING PROTEST मामले की गंभीरता को देखते हुए 12 मई की शाम को उत्तराखंड स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा भी धरनास्थल पहुंचीं और नर्सिंग अभ्यर्थियों से लंबी बातचीत हुई। DG हेल्थ ने प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद आंदोलनकारी पानी की टंकी से नहीं उतरे और DG हेल्थ को वापस लौटना पड़ा।
इसके बाद 13 मई को सरकार की ओर से आश्वासन मिलने पर अभ्यर्थियों ने एक महीने के लिए धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।
READ MORE:
- उत्तराखंड कैबिनेट बैठक: CM और मंत्रियों की फ्लीट के वाहन कम होंगे, हफ्ते में होगा एक दिन ‘नो व्हीकल डे’
- PM मोदी ने घटाया काफिला, बढ़ाया EV इस्तेमाल: ईरान युद्ध ऊर्जा संकट के बीच भारत का बड़ा ईंधन बचत अभियान
- DEHRADUN में नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन हुआ उग्र, 57 घंटे से पानी की टंकी पर डटे प्रदर्शनकारी

ज्योति रौतेला ने सरकार को दी चेतावनी
नीचे उतरने के बाद ज्योति रौतेला ने कहा कि तीन दिन का यह कष्ट कुछ नहीं है क्योंकि ये बच्चे 160 दिनों से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने इतनी असंवेदनशीलता दिखाई कि इतने लंबे समय तक पानी की टंकी पर रहने की नौबत आई।
उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और CM पुष्कर सिंह धामी वर्षवार भर्ती के आश्वासन को पूरा करेंगे। साथ ही यह भी कहा कि यदि वादा पूरा नहीं हुआ तो वे फिर इन्हीं बच्चों के साथ धरने पर नजर आएंगी। (DEHRADUN NURSING PROTEST)
स्वास्थ्य मंत्री ने DEHRADUN NURSING PROTEST पर कही यह बात
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि नर्सिंग अभ्यर्थियों की ओर से मिले ज्ञापन का परीक्षण कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि अभ्यर्थियों ने हिमाचल प्रदेश का शासनादेश भी दिया है, जिसका परीक्षण बैठक में किया जाएगा। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि कैबिनेट बैठक में नर्सिंग अभ्यर्थियों का कोई एजेंडा नहीं है।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

