COVID CASES 2025: भारत में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामले बढ़ते नजर आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार 3 जून 2025 तक देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 3300 के पार पहुंच चुकी है। बीते 24 घंटों में 650 से ज्यादा नए कोरोना मामले सामने आए हैं और चार मरीजों की मौत हुई है। देश में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले केरल में दर्ज किए गए हैं। इसके बाद कर्नाटक का स्थान आता है, जहां बीते दिन तीन मौतें हुई हैं। इसके बाद महाराष्ट्र है। राजधानी दिल्ली में बीते 24 घंटे में नए संक्रमित मामले सामने आए हैं।

COVID CASES 2025: नए वैरिएंट्स ने बढ़ाई सतर्कता
इंडियन सार्स-कोव-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि देश में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के दो नए सब-वैरिएंट NB.1.8.1 और LF.7 की पहचान की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ये वैरिएंट्स तेजी से फैल सकते हैं, लेकिन इनसे गंभीर संक्रमण होने की संभावना कम है। इसके बावजूद बढ़ते मामलों को देखकर केंद्र सरकार और स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गए हैं।दिल्ली सरकार ने अपने सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है और कोरोना से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने लोगों से मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और स्वच्छता के नियमों का पालन करने की अपील की है।

लक्षणों में दिख रहा बदलाव, जानिए क्या हैं नए संकेत
इस साल कोरोना संक्रमण के लक्षणों में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। अब मरीजों में हल्का बुखार (99 से 101 डिग्री फारेनहाइट), सूखी खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द, थकावट, आंखों में जलन और पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे दस्त या उल्टी शामिल हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अगर देश में कोविड की चौथी लहर आती भी है तो यह ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी और न ही यह दूसरी लहर जितनी घातक होगी। उनका कहना है कि संक्रमण का असर 21 से 28 दिन तक रह सकता है। वहीं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी कहा है कि मौजूदा समय में फैले वैरिएंट्स से बहुत ज्यादा डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बनाए रखना जरूरी है।

जनता को फिर दी गई सावधानी की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। हल्के लक्षण दिखने पर भी तुरंत टेस्ट कराएं, मास्क का उपयोग करें, भीड़भाड़ से बचें और हाथ धोने जैसी आदतों को अपनाए रखें। जिन लोगों ने अब तक बूस्टर डोज नहीं ली है, उन्हें जल्द से जल्द वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक लेने की सलाह दी जा रही है। ऐसे में जागरूकता, सावधानी और समय पर चिकित्सा ही संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। सरकार और स्वास्थ्य एजेंसियां अपनी ओर से तैयार हैं, अब जनता की सतर्कता ही अगली लहर को रोक सकती है।(COVID CASES 2025)

उत्तराखंड में पंचायतों पर संवैधानिक संकट, राजभवन ने पंचायती राज अधिनियम में बदलाव के प्रस्ताव लौटाया
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

