कांग्रेस नेता बोले, जनता को भ्रमाने के लिए विजय संकल्प यात्रा का किया गया आयोजन

0
207

रुद्रप्रयाग।(संवाददाता- नरेश भट्ट): हरिद्वार से शुरू हुई भाजपा की विजय संकल्प यात्रा आज रुद्रप्रयाग पहुंची। रुद्रप्रयाग के प्रवेश द्वार खांखरा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रुद्रप्रयाग विधायक एवं यात्रा प्रमुख भरत सिंह चौधरी के नेतृत्व में यात्रा का भव्य स्वागत किया। खांखरा के बाद यात्रा रैंतोली, रुद्रप्रयाग और तिलवाड़ा होते हुए रामलीला मैदान अगस्त्यमुनि पहुंची, जहां जनसभा का आयोजन किया गया। भाजपा की विजय संकल्प यात्रा में राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजय वर्गीय, पूर्व मुख्यमंत्री एवं गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत के साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी शामिल रहे।

जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजय वर्गीय ने कहा कि रुद्रप्रयाग जिले में ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग बाबा केदारनाथ का धाम है, जहां वे रहते हैं, वहां भी महाकाल का वास है। इसलिए उनका रुद्रप्रयाग जनपद से खास लगाव रहा है। वे विजय संकल्प यात्रा के तहत रुद्रप्रयाग पहुंचे हैं और यहां की जनता को देख काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस उत्साह के साथ वे यात्रा में शामिल हुए हैं, उसी तरह आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में जनता के बीच माहौल तैयार करना है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कम्युनिष्ट पर तंज कसते हुए भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि इन पार्टियों के लोग देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले लोगों को सहयोग करते हैं। देश की राजधानी दिल्ली के विश्वविद्यालय में भारत तेरे टुकटे होंगे, इंसा अल्लाह, इंसा अल्लाह, इस प्रकार के नारे लगाये जाते हैं। यहां तक कि हम छीन के लेंगे आजादी, जैसे नारे लगाये जाते हैं। ऐसे नारे लगाने वाले छात्रों की पीठ थप-थपाने वाली कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता जब यहां वोट मांगने आते हैं तो उन्हें माफ नहीं करना चाहिए। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को शीर्ष पर ले जाना चाहते हैं, लेकिन इस प्रकार के देश विरोधी लोग ऐसा नहीं होना देना चाहते हैं। जब देश विरोधी लोग उत्तराखण्ड की पावन भूमि में वोट मांगने आयें तो इनका बहिष्कार किया जाए। उन्होंने कहा कि इंदोर शहर स्वच्छता के मामले में भले ही पहले नंबर पर हो, लेकिन इंदोर की सड़के भी ऐसी नहीं हैं, जैसी पहाड़ों की हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बदौलत पहाड़ की सड़कों का ऑलवेदर रोड़ के जरिये कायाकल्प हुआ है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने कहा कि दो साल के भीतर पहाड़ में रेल की आवाज सुनाई देगी। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इच्छा रेल परियोजना को सोनप्रयाग तक पहुंचाना है। पहाड़ के लोग कभी सोच नहीं सकते थे कि यहां तक रेल आ सकती है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की ओर से प्रदेश का चहुमुखी विकास किया जा रहा है। ऑल वेदर के साथ रेल परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। कांग्रेस और आप पार्टी सिर्फ जनता को बेवकूफ बनाना जानती है।

वहीं भाजपा की विजय संकल्प यात्रा को कांग्रेस ने फ्लाप करार दिया है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता नरेन्द्र बिष्ट ने कहा कि दूर-दराज क्षेत्रों से जनता को विजय यात्रा में बुलाया गया, लेकिन उनके लिए कोई भी व्यवस्थाएं नहीं की गई। यहां तक की जनता को बैठने के लिए भी स्थान नहीं मिला। सड़कों में लोग घूमते नजर आये। जनता को बेवकूफ बनाने के लिए विजय संकल्प यात्रा को निकाला गया। भाजपा का मकसद सिर्फ जनता को उल्लू बनाना है, लेकिन जनता भाजपा के चरित्र को समझ चुकी है। भाजपा ने विजय संकल्प यात्रा को लेकर 25 हजार के आंकड़े की बात कही थी, लेकिन यात्रा में महज एक हजार के करीब भी लोग नहीं पहुंच पाए। यह यात्रा जनता को परेशान करने के लिए निकाली गई, जिससे सिर्फ और सिर्फ लोग परेशान ही रहे। यात्रा में भाड़े की भीड़ जुटाई गई, जिससे आम जनता भी समझ चुकी है कि भाजपा के पक्ष में कुछ भी माहौल नहीं है।

https://devbhoominews.com Follow us on Facebook at https://www.facebook.com/devbhoominew…. Don’t forget to subscribe to our channel https://www.youtube.com/devbhoominews