CHARDHAM YATRA 2026 इस वर्ष नया रिकॉर्ड बनाने की ओर तेजी से बढ़ रही है। 19 अप्रैल को यात्रा शुरू होने के बाद से 13 मई तक केवल 25 दिनों के भीतर ही 12 लाख 60 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।
बुधवार को 80 हजार 401 यात्रियों ने चारधाम में दर्शन किए। लगातार बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन और सरकार यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
CHARDHAM YATRA 2026 के आंकड़ें
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 13 मई तक श्री केदारनाथ धाम में सबसे अधिक 5 लाख 23 हजार 582 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं श्री बदरीनाथ धाम में 3 लाख 24 हजार 81, गंगोत्री धाम में 2 लाख 5 हजार 425 और यमुनोत्री धाम में 2 लाख 7 हजार 390 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
बुधवार को भी केदारनाथ धाम में सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली, जहां 32 हजार 423 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके अलावा बदरीनाथ धाम में 21 हजार 260, यमुनोत्री धाम में 13 हजार 403 और गंगोत्री धाम में 13 हजार 315 श्रद्धालु पहुंचे।

केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचे पर्वतीय मार्गों के बावजूद इस वर्ष केदारनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। केवल 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।
पिछले चार वर्षों के आंकड़ें
यदि पिछले चार वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार रिकॉर्ड स्तर पर बनी हुई है। वर्ष 2022 से 2025 तक कुल 69 लाख 45 हजार 487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे।
इनमें वर्ष 2022 में 15 लाख 64 हजार 248, वर्ष 2023 में 19 लाख 58 हजार 863, वर्ष 2024 में 16 लाख 53 हजार 581 और वर्ष 2025 में 17 लाख 68 हजार 795 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए थे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा है कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्गों पर स्लॉट प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया गया है ताकि श्रद्धालुओं को लंबी प्रतीक्षा या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े।
READ MORE:
- CHARDHAM YATRA 2026: बदरीनाथ धाम के कपाट खुले, सीएम धामी ने किए भगवान के दर्शन
- CHARDHAM YATRA 2026 में उमड़ा आस्था का सैलाब, 11वें दिन तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
- CHARDHAM YATRA 2026: केदारनाथ के कपाट कल खुलेंगे, बदरीनाथ के 23 अप्रैल को, तैयारियां तेज
जानिए CHARDHAM YATRA 2026 के बारे में
उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ यूं ही नहीं कहा जाता, यहां स्थित चार धाम हिंदू आस्था के सबसे पवित्र तीर्थ माने जाते हैं। ये चार धाम हिमालय की गोद में बसे हैं और हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इन चार धामों में यमुनोत्री धाम यात्रा का पहला पड़ाव माना जाता है।
यहां यमुना नदी का उद्गम स्थल है और माता यमुना की पूजा की जाती है। श्रद्धालु यहां गर्म कुंड में स्नान कर पूजा-अर्चना करते हैं। इसके बाद गंगोत्री धाम वह स्थान है जहां से मां गंगा की धारा की शुरुआत मानी जाती है। यहां स्थित मंदिर में गंगा मां की पूजा होती है। यह स्थान प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक शांति के लिए प्रसिद्ध है।

केदारनाथ धाम भगवान शिव को समर्पित 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। समुद्र तल से करीब 3,583 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह धाम हिमालय की बर्फीली वादियों के बीच बसा है। यहां तक पहुंचने के लिए कठिन यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए यह अत्यंत पवित्र स्थान है।
इसके बाद आता है बदरीनाथ धाम, यह भगवान विष्णु को समर्पित धाम है और अलकनंदा नदी के किनारे स्थित है। यहां बदरीनारायण के दर्शन किए जाते हैं। यह चारधाम यात्रा का अंतिम पड़ाव होता है और आध्यात्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। CHARDHAM YATRA 2026 अप्रैल-मई में शुरू होकर अक्टूबर-नवंबर तक चलने की संभावना है।
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

