CHARDHAM YATRA 2025: चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उच्चाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर चारधाम यात्रा के दौरान कुशल यातायात प्रबंधन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यात्रियों की सुरक्षा तथा सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्गों पर विशेष रूप से संवेदनशील स्थलों की निरंतर रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाए।

CHARDHAM YATRA 2025 के लिए दिए ये निर्देश
सीएम धामी ने सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके। उन्होंने कहा कि हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए टेक्नोलॉजी का अधिकतम उपयोग जरूरी है। सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सहायता के लिए मार्गों में जगह-जगह हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएं। इन हेल्पडेस्क पर प्रशिक्षित स्टाफ तैनात किया जाए, जो तत्काल सहायता और जानकारी देने के लिए उपलब्ध हों। साथ ही यात्रा के प्रारंभिक चरण में पुलिस बल की संख्या में वृद्धि की जाए ताकि भीड़ प्रबंधन में कोई परेशानी न हो।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि यात्रा पर आने वाली बसों में दो ड्राइवरों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि लंबी दूरी की यात्रा में किसी भी तरह की थकावट या दुर्घटना की आशंका न रहे। साथ ही, बसों की समय-समय पर तकनीकी जांच भी करवाई जाए। मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर स्थित बाजार क्षेत्रों में पुरुष एवं महिला यात्रियों के लिए पृथक मोबाइल टॉयलेट्स की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि किसी भी यात्री को असुविधा न हो।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

