AMARNATH YATRA 2025: बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए मशहूर अमरनाथ यात्रा 2025 की तैयारियां जोरों पर हैं। श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) ने घोषणा की है कि इस साल यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त 2025 को समाप्त होगी। इस बार पवित्र तीर्थयात्रा रक्षाबंधन के दिन पूरी होगी। धार्मिक दृष्टि से अमरनाथ यात्रा का बहुत महत्व है। यहां स्थित बर्फ की गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला शिवलिंग हिन्दू आस्था का प्रतीक है। यात्रा के लिए एडवांस रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया अब 15 अप्रैल 2025 से शुरू होगी। पहले इसकी तारीख 14 अप्रैल तय की गई थी, लेकिन सरकारी अवकाश के चलते इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है।

AMARNATH YATRA 2025: यहाँ करवा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया देशभर में चार प्रमुख बैंकों की कुल 533 शाखाओं में की जाएगी, जिनमें पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, जम्मू एंड कश्मीर बैंक और यस बैंक शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर राज्य में रजिस्ट्रेशन के लिए 20 शाखाएं निर्धारित की गई हैं। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 150 रुपये का शुल्क देना होगा। इसके लिए आधार कार्ड और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त डॉक्टरों या अस्पतालों से मिला स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी होगा। यह हेल्थ सर्टिफिकेट 8 अप्रैल 2025 या उसके बाद का होना चाहिए। साथ ही, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में आधार पर आधारित बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन अनिवार्य होगा।

यात्रा के मार्ग
अमरनाथ यात्रा का पहला रास्ता पहलगाम से शुरू होता है, जो अनंतनाग जिले में है। यह 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक मार्ग है, जिसमें चंदनवाड़ी, शेषनाग और पंचतरणी जैसे पड़ाव आते हैं। इस रास्ते से यात्रा पूरी करने में 4 से 5 दिन लगते हैं और यह मार्ग कम कठिन होने के कारण नए यात्रियों के लिए बेहतर माना जाता है। दूसरा रास्ता बालटाल से शुरू होता है, जो गांदरबल जिले में है। यह 14 किलोमीटर लंबा है और काफी चुनौतीपूर्ण भी है। बालटाल रूट से यात्रा आमतौर पर 2 से 3 दिनों में पूरी हो जाती है। इन दोनों रूटों के लिए अलग-अलग रंग की यात्रा पर्चियां यानी परमिट दी जाएंगी, जिन्हें यात्रा के दौरान अपने पास रखना अनिवार्य होगा।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
जो श्रद्धालु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना चाहते हैं, वे www.jksasb.nic.in वेबसाइट पर जाकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बोर्ड ने अपील की है कि लोग केवल अधिकृत चैनलों के माध्यम से ही रजिस्ट्रेशन करें और समय पर सभी दस्तावेज पूरे करें। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए यात्रा मार्गों पर टेंट, लंगर, मेडिकल सुविधा, ऑक्सीजन बूथ और अन्य जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पहलगाम और बालटाल में स्थित आधार शिविरों को पहले से बेहतर किया गया है। बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों के लिए हेलिकॉप्टर सेवा भी शुरू की जाएगी, जिसकी जानकारी जल्द ही बोर्ड की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

इन बातों का रखें ख्याल
AMARNATH YATRA 2025में शामिल होने के लिए 13 से 70 वर्ष की आयु वाले लोग ही पात्र होंगे और वे पूरी तरह से स्वस्थ होने चाहिए। छह सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा के दौरान आधार कार्ड, हेल्थ सर्टिफिकेट और यात्रा पास अपने पास रखना जरूरी है। हर यात्री को जम्मू या कश्मीर के नामित केंद्रों से RFID कार्ड लेना भी अनिवार्य होगा। साथ ही, लंगरों और स्थानीय व्यवस्थाओं का सम्मान करना जरूरी है ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।

नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियां तेज, सीएम धामी ने दिए अधिकारियों को ये निर्देश
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज
