UTTARAKHAND WEATHER FORECAST: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून केंद्र ने 16 जून से 20 जून 2025 तक उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि के दौरान नैनीताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, पिथौरागढ़ और देहरादून सहित कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान (40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं) की संभावना है।

UTTARAKHAND WEATHER FORECAST: यहाँ जानिए ताजा अपडेट
16 जून को नैनीताल, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और टिहरी जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। 17 जून को नैनीताल, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों के लिए यही चेतावनी दोहराई गई है। 18 जून को पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। 19 जून को फिर से नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 20 जून को देहरादून और नैनीताल में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा बताया गया है।

20 जून तक के लिए राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 21 और 22 जून को भी राज्य के सभी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है। हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य बना रहने की उम्मीद है। इन मौसम परिस्थितियों के कारण राज्य में कई स्थानों पर बिजली गिरने, कच्चे मकानों और असुरक्षित ढांचों को नुकसान पहुंचने, पेड़ और खंभे गिरने, नदियों-नालों में पानी का स्तर बढ़ने और भूस्खलन के कारण रास्ते बंद होने की घटनाएं हो सकती हैं। खासतौर से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मार्ग अवरोध की आशंका जताई गई है।

सावधानियां बरतने के निर्देश
इस दौरान मौसम विभाग ने नागरिकों के लिए कई जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए हैं। लोगों को कहा गया है कि वे घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, बिजली गिरने के दौरान बिजली का संचालन करने वाली किसी भी वस्तु से दूर रहें और खेतों में खड़ी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। मवेशियों को आंधी-तूफान के दौरान बाहर न छोड़ें। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग जिनके घर कच्चे हैं, उन्हें विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नालों-नदियों के आसपास रहने वालों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। किसानों को जलभराव से बचने के लिए खेतों में उचित जल निकासी व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। उत्तराखंड में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम की गंभीर चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। आपदा प्रबंधन विभाग को तैयार रहने को कहा गया है और सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। यात्रियों और पर्यटकों को पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और मौसम की स्थिति की जानकारी लेते रहने की सलाह दी गई है।

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

