ANAND BARDHAN KEDARNATH VISIT: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने आज केदारनाथ धाम पहुंचकर आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरे में उन्होंने सबसे पहले धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बनाए गए बैली ब्रिज का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने जानकारी दी कि इन पुलों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिससे यात्रियों को आने-जाने में ज्यादा सुविधा मिलेगी।

ANAND BARDHAN KEDARNATH VISIT: रेन शेल्टरों का भी निरीक्षण किया
मुख्य सचिव ने आस्था पथ पर बने रेन शेल्टरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए इन रेन शेल्टरों में एलईडी साइनेज लगाए जाने चाहिए, ताकि यात्रियों को शौचालय, मेडिकल सहायता और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कतार में खड़े यात्रियों को गर्म पानी की सुविधा दी जाए, ताकि वे ठंडे मौसम में भी आराम महसूस कर सकें।उन्होंने मंदिर परिसर से लेकर सरस्वती नदी के किनारे तक बने आस्था पथ की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और वहां बने शौचालयों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने यात्रियों की भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल और सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने बताया कि केदारनाथ यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम क्षेत्र तक सभी जरूरी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और जो कार्य बचे हैं, वे भी यात्रा शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि पैदल मार्ग, ठहरने की व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, संचार सुविधा और आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त किया गया है। तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए सभी पड़ावों पर जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी जरूरी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से यात्रा मार्ग की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

भगवान शिव को समर्पित उत्तराखंड के पंचकेदार मंदिर, इस दिन से होगी यात्रा की शुरुआत
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

