भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया सीएम धामी और पार्टी का विरोध।

0
129

#uttarakhandnews #devbhoominews

जनपद ऊधम सिंह नगर के जिलामुख्यालय रुद्रपुर में सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होने आए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बंगाली समाज को नाराज कर गए। सरकारी कार्यक्रम में उनके कार्यक्रम स्थल के सामने ही बंगालियों के वरिष्ठ नेता और पार्टी में लंबे समय से जुड़े उत्तम दत्ता और उनके चचेरे भाई तरुण दत्ता के घर खाने का निर्धारित कार्यक्रम था। इसके लिए सरकारी व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में अफसर और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। घर के सामने पंडाल भी सजाया गया। द्वार पर मुख्यमंत्री के आगमन के लिए फूलों से सजाने के साथ पुष्प वर्षा की तैयारी भी की गई। गाजे-बाजे भी बजने थे लेकिन मुख्यमंत्री कुछ देर के लिए ही कार्यक्रम स्थल में आए और अपना संबोधन कर दूसरे भाजपा नेता के घर पहुंचे जहां से मुख्यमंत्री तय कार्यक्रम के अनुसार दत्ता के घर नहीं गए। इतना ही नहीं कार्यक्रम में अन्य नेताओं को वहां बोलने का मौका तक नहीं दिया गया। अब इसको लेकर बंगाली समाज में जबरदस्त गुस्सा पनप उठा है। दत्ता के घर पर लोगों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा थी और सभी ने इस पर काफी नाराजगी जताई है। लोग यहां तक कह रहे हैं कि इसके पीछे राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया है। उत्तम दत्ता के घर मुख्यमंत्री को ना आने देना स्थानीय नेताओं की चाल है।
पूर्व जिलाध्यक्ष उत्तम दत्ता के नाराज समर्थकों ने भाजपा जिला अध्यक्ष शिव अरोरा,क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल पर जमकर आरोप लगाते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए। इतना ही नहीं नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं और उत्तम दत्ता के समर्थकों ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का पूर्ण रूप से बहिष्कार तक करने की बात कह दी। नाराज कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिला अध्यक्ष को ट्रांजिट कैंप में ना घुसने देने की चेतावनी दे डाली। नाराज कार्यकर्ताओ के नाराजगी से माहौल अचानक से गरमा गया। हमेशा शांत दिखने वाले बंगाली समुदाय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री तक को नहीं बख्शा और ऐसे मुख्यमंत्री की दरकार ना होने की बात तक कह डाली। नाराज कार्यकर्ताओं की नाराजगी की खबर मुख्यमंत्री के करीबी विकास शर्मा तक पहुंची तो वह कार्यकर्ताओं और उत्तम दत्ता परिवार को मनाने उनके घर पहुंचे जहां पर नाराज कार्यकर्ताओं और दत्ता परिवार ने विकास शर्मा को जमकर खरी-खोटी सुनाई और पार्टी पर कई आरोप मढ़ते हुए विद्रोह करने की चेतावनी दी। आनन-फानन में क्षेत्रीय विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे जहां पहले से नाराज कार्यकर्ताओं ने विधायक ठुकराल पर अपनी जमकर भड़ास निकाली। इस दौरान एक बार फिर कार्यकर्ताओं ने उत्तम दत्ता जिंदाबाद के नारो के साथ विधायक ठुकराल, मुख्यमंत्री, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उत्तम दत्ता के अनुज और वरिष्ठ भाजपा नेता तरुण दत्ता ने अपने बड़े भाई को पार्टी छोड़ कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फरमान सुनते हुए भाजपा को छोड़ने को कहा। लिहाज़ा आगामी विधानसभा में हमेशा शांत दिखाई देने वाले बंगाली समुदाय की ओर से खेला होवे की चेतावनी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।