YAMUNOTRI LANDSLIDE: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री धाम को जाने वाले पैदल मार्ग पर सोमवार 23 जून 2025 को बड़ा हादसा हो गया। भैरव मंदिर के पास नौ कैंची नामक स्थान पर शाम करीब 4:12 बजे अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर नीचे गिरने लगे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुनोत्री दर्शन के लिए इस रास्ते पर थे। भूस्खलन की वजह से दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ अन्य लोगों के भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है।

YAMUNOTRI LANDSLIDE: 2 लोगों की मौत
भूस्खलन में जान गंवाने वाले दोनों श्रद्धालुओं की पहचान कर ली गई है। मृतकों में जौनपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी हरिशंकर, उम्र 47 वर्ष, पुत्र ओमप्रकाश और उनकी नौ वर्षीय पुत्री ख्याति शामिल हैं। भूस्खलन की खबर मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), पुलिस, वन विभाग और चिकित्सा टीमों को मौके पर भेजा गया। SDRF की टीम ने तुरंत एक घायल श्रद्धालु को मलबे से बाहर निकाला। घायल व्यक्ति मुंबई का रहने वाला बताया गया है, जिसे जानकीचट्टी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

तेज बारिश से रेस्क्यू में बाधा, मंगलवार सुबह फिर शुरू हुआ अभियान
सोमवार रात को तेज बारिश के कारण रेस्क्यू अभियान को रात करीब 9:35 बजे रोकना पड़ा था। इसके बाद मंगलवार सुबह से बचाव कार्य दोबारा शुरू किया गया। SDRF की टीम मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटी हुई है और क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सावधानी से काम किया जा रहा है। उत्तरकाशी के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने जानकारी दी कि यमुनोत्री धाम के रास्ते में फंसे सैकड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। साथ ही यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष से पूरे घटनाक्रम की निगरानी की जा रही है और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

उत्तराखंड पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट की रोक, आरक्षण नीति को लेकर उठे सवाल, सरकार से जवाब तलब
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

