UTTARAKHAND WEATHER ALERT: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग देहरादून केंद्र ने राज्य के कई जिलों में 11 से 15 जून तक भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 9 और 10 जून को अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद तापमान स्थिर रहेगा। 9 और 10 जून को राज्य के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 11 जून से मौसम करवट लेगा और कई जिलों में तेज बारिश और गरज-चमक की शुरुआत होगी।

11 जून से 15 जून तक UTTARAKHAND WEATHER ALERT
11 जून को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। 12 जून को नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहीं कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के अन्य क्षेत्रों में भी तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। 13 जून को फिर से नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी है, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है।

14 और 15 जून को राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर रहेगा। इस दौरान वातावरण में नमी बनी रहेगी और आसमान में बादल छाए रहेंगे। हालांकि तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन उमस बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

मौसम विभाग ने जनता से अपील की है कि वे इस दौरान सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में न निकलें। उत्तराखंड में मौसम की इस स्थिति को देखते हुए यात्रा कर रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। कई जगहों पर सड़कें बंद हो सकती हैं या भूस्खलन की वजह से रास्तों में बाधा आ सकती है। प्रशासन ने यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी है। जिलों के आपदा नियंत्रण कक्षों को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि समय पर सूचनाएं आम लोगों तक पहुंचाई जा सकें।

बारिश के मौसम में ये आदतें रखेंगी आपकी सेहत का पूरा ख्याल
देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

