खारकीव में हवाई हमलों के साथ बड़ा धमाका, बच्चों समेत आठ की मौत

0
250

रूस-यूक्रेन का युद्ध आठवें दिन भी जारी, सहमे लोग, चारों ओर तबाही का मंजर
यूक्रेन से 10 लाख से ज्यादा लोग कर चुके पलायन, 752 नागरिकों की मौत

नई दिल्ली, ब्यूरो। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे घमासान के बीच यूक्रेन के खारकीव और कीव के साथ ही अलग-अलग इलाकों में लगातार हवाई हमलों के साथ बड़े-बड़े धमाके हो रहे हैं। आज युद्ध के आठवें दिन बड़ी खबर खारकीव से आ रही है। यहां रूस ने भारी बमबारी की है। इससे बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो चुकी है। यूक्रेन की राजधानी कीव में लगातार धमाकों की आवाज सुनी जा रही है। इससे यहां के लोग सहमे हुए हैं। खबरों की मानें तो अब तक इस जंग के बीच 10 लाख से ज्यादा लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र के अनुसार रूस के हमले में यूक्रेन में अब तक 752 आम लोगों की मौत हुई है। यूएन की ओर से बताया गया यह आंकड़ा 1 मार्च तक का है। युद्ध और लंबा चला तो कई और बेकसूर लोग जान गंवा सकते हैं। साथ ही यूक्रेन के तमाम शहर रूस की बमबारी और हवाई हमलों से दहल रहे हैं।

YOU MAY ALSO LIKE

जानकारी के अनुसार रसियन सेना ने जैपोरीझी का रास्‍ता पूरी तरह से बंद कर दिया है। रूसी सेना ने इस शहर को घेर लिया है। शहर के मेयर ने लोगों से घर में रहने को कहा है। इस बीच खारकीव से खबर आ रही है कि रूस यहां भारी बमबारी कर रहा है। वहां बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। रूस और यूक्रेन के बीच दूसरे दौर की बातचीत के लिए यूक्रेनी डेलिगेशन रवाना हो चुका है। इस बीच रूस का बड़ा बयान सामने आया है। रूस की ओर से कहा गया है कि जेलेंस्‍की ने अपने देश से झूठ बोला है। जेलेंस्‍की ने अपने देश यूक्रेन को युद्ध में झोंकने का काम किया। रूस के विदेश मंत्री लावरोव ने कहा कि जेलेंस्‍की अमेरिका के इशारे पर चल रहा है।

दूसरी ओर भारत के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि यूक्रेन में भारतीय दूतावास अपने नागरिकों से सतत सम्पर्क बनाये हुए है और किसी छात्र के बंधक बनाए जाने की स्थिति का सामना करने जैसी कोई रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यूक्रेन में भारतीय छात्रों को बंधक बनाये जाने की खबरों को लेकर मीडिया के सवालों पर यह बात कही।