Homeआम मुद्देदेश में बेरोजगारी दर में आई कमी, सरकार ने PLFS REPORT 2025...

देश में बेरोजगारी दर में आई कमी, सरकार ने PLFS REPORT 2025 की जारी

PLFS REPORT 2025: राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय यानी NSO ने आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण यानी PLFS की वार्षिक रिपोर्ट 2025 जारी की है। यह रिपोर्ट जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 की अवधि को कवर करती है और पहली बार कैलेंडर वर्ष के आधार पर तैयार की गई है। इस सर्वेक्षण में देशभर के 22,594 क्षेत्रों में 2,70,472 परिवारों के 11,48,634 व्यक्तियों का अध्ययन किया गया। रिपोर्ट के अनुसार जनवरी से दिसंबर 2025 के दौरान देश में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के औसतन 61.6 करोड़ व्यक्ति कार्यरत थे, जिनमें 41.6 करोड़ पुरुष और 20.0 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।

15 वर्ष और उससे अधिक आयु के पुरुष और महिला दोनों के लिए बेरोजगारी दर 2025 में 3.1 फीसदी रही। पुरुषों के लिए यह 2024 में 3.3 फीसदी से घटकर 3.1 फीसदी हुई जबकि महिलाओं की दर अपरिवर्तित रही। माध्यमिक और उससे ऊपर की शिक्षा प्राप्त व्यक्तियों में बेरोजगारी दर 2024 में 7.0 फीसदी से घटकर 2025 में 6.5 फीसदी हो गई।

PLFS REPORT 2025
PLFS REPORT 2025

PLFS REPORT 2025: युवा बेरोजगारी में भी सुधार

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की बेरोजगारी दर 2024 में 10.3 फीसदी से घटकर 2025 में 9.9 फीसदी हो गई। ग्रामीण युवाओं में यह 8.7 से घटकर 8.3 फीसदी और शहरी युवाओं में 14.3 से घटकर 13.6 फीसदी हो गई। शहरी महिलाओं में बेरोजगारी दर 6.7 फीसदी से घटकर 6.4 फीसदी हुई।

नियमित वेतन रोजगार में वृद्धि

PLFS REPORT 2025 में नियमित वेतन या वेतनभोगी रोजगार में लगे श्रमिकों का अनुपात 2024 में 22.4 फीसदी से बढ़कर 2025 में 23.6 फीसदी हो गया। यह वृद्धि पुरुषों में 25.4 फीसदी से 26.5 फीसदी और महिलाओं में 16.6 फीसदी से 18.2 फीसदी तक देखी गई। स्वरोजगार का हिस्सा 2024 में 57.5 फीसदी से घटकर 2025 में 56.2 फीसदी हो गया। आकस्मिक श्रम में लगे श्रमिकों का हिस्सा लगभग 20 फीसदी पर स्थिर रहा।

श्रम बल भागीदारी और कामगार अनुपात स्थिर

PLFS REPORT 2025 में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए श्रम बल सहभागिता दर यानी LFPR 2025 में 59.3 फीसदी रही। पुरुषों के लिए यह 79.1 फीसदी और महिलाओं के लिए 40.0 फीसदी रही। कामगार जनसंख्या अनुपात यानी WPR 2025 में 57.4 फीसदी अनुमानित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में पुरुषों की श्रम शक्ति भागीदारी 80.5 फीसदी और महिलाओं की 45.9 फीसदी पर मजबूत बनी रही।

विनिर्माण क्षेत्र में बढ़ी भागीदारी, कृषि में घटी

क्षेत्रवार रोजगार की बात करें तो कृषि क्षेत्र में रोजगार का हिस्सा 2024 में 44.8 फीसदी से घटकर 2025 में 43.0 फीसदी हो गया। विनिर्माण क्षेत्र में यह 11.6 फीसदी से बढ़कर 12.1 फीसदी हो गया। अन्य सेवाओं में भी 12.2 फीसदी से 13.1 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

PLFS REPORT 2025
PLFS REPORT 2025

PLFS REPORT 2025 में महिला श्रमिकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि

नियमित वेतनभोगी रोजगार में पुरुषों की औसत आय 2024 में 22,891 रुपये से बढ़कर 2025 में 24,217 रुपये हो गई जो करीब 5.8 फीसदी की वृद्धि है। महिलाओं की आय 17,126 रुपये से बढ़कर 18,353 रुपये यानी करीब 7.2 फीसदी बढ़ी। स्वरोजगार में महिलाओं की आय 5,861 रुपये से बढ़कर 6,374 रुपये यानी 8.8 फीसदी बढ़ी जो सभी श्रेणियों में सबसे अधिक वृद्धि है। आकस्मिक श्रम में महिलाओं की दैनिक आय 299 रुपये से बढ़कर 315 रुपये हो गई।

शिक्षा स्तर और व्यावसायिक प्रशिक्षण

15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए औपचारिक शिक्षा में बिताए गए वर्षों की औसत संख्या 10.0 वर्ष है। पुरुषों के लिए यह 10.2 वर्ष और महिलाओं के लिए 9.9 वर्ष है। शहरी क्षेत्रों में यह औसत ग्रामीण क्षेत्रों से अधिक है। 15 से 59 वर्ष आयु वर्ग में केवल 4.2 फीसदी व्यक्तियों ने औपचारिक व्यावसायिक या तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया है।

PLFS REPORT 2025
PLFS REPORT 2025

साल 2025 से PLFS के ‘सैंपल डिजाइन’ को बदल दिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य श्रम बल (Labor Force) के आंकड़ों को अधिक सटीकता और जल्दी-जल्दी (High-frequency) प्राप्त करना है। इसके लिए नमूना चयन (Sample Selection) और रोटेशनल पैनल (यानी जिन घरों का सर्वे होता है, उन्हें बदलने की प्रक्रिया) में बदलाव किए गए हैं। चूंकि डेटा इकट्ठा करने का ढांचा (Framework) बदल गया है, इसलिए 2025 के वार्षिक अनुमानों की तुलना 2022 से 2024 तक के पुराने आंकड़ों से पूरी तरह नहीं की जा सकती। हालांकि परिभाषाएं और कॉन्सेप्ट वही हैं, लेकिन गणना के तरीके में बदलाव से आंकड़ों के स्तर (Levels) पर असर पड़ सकता है।

ये भी पढ़िए- पुष्कर सिंह धामी ने साहित्यकारों को सम्मानित किया, 2 साहित्य ग्राम बनाने का ऐलान

ये भी पढ़िए- पीएम मोदी ने किया NOIDA INTERNATIONAL AIRPORT का उद्घाटन, एशिया का दूसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट

देश दुनिया से जुड़ी हर खबर और जानकारी के लिए क्लिक करें-देवभूमि न्यूज

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments