मंत्री एकनाथ शिंदे ने हिलाई महाराष्ट्र सरकार, फोन बंद कर तीन मंत्रियों समेत ये विधायक होटल में एकजुट

0
334

मंत्री एकनाथ शिंदे ने हिलाई महाराष्ट्र सरकार, फोन बंद कर तीन मंत्रियों समेत ये 24 विधायक इस होटल में एकजुट

नई दिल्ली, ब्यूरो। कुछ मंत्रियों और विधायकों ने महाराष्ट्र की उद्धव सरकार को हिलाकर रख दिया है। यही कारण है कि 31 महीने के भीतर ही महाराष्ट्र की उद्धव सरकार खतरे में बताई जा रही है। महाराष्ट्र सरकार के तीन मंत्री और 24 विधायक महाराष्ट्र से बाहर गुजरात राज्य के सूरत में एक होटल में एकजुट होकर रणनीति बना रहे हैं। दरअसल, उद्धव सरकार से नाराज चल रहे महाराष्ट्र के प्रभावशाली मंत्री एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र की राजनीति में जबरदस्त हलचल मचा दी है। खबर आ रही है कि महाराष्ट्र सरकार के तीन मंत्रियों के साथ ही शिवसेना के 14 और 10 अन्य निर्दलीय विधायक गुजरात के सूरत में है। एकनाथ शिंदे के इस कदम से 31 महीने के भीतर महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार खतरे में आ गई है।

सूत्रों का कहना है कि शिंदे का फोन स्विच ऑफ आ रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सभी विधायक सूरत के ली मेरिडियन होटल में रुके हैं। जिसके बाहर गुजरात पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। इन विधायकों को सूरत लाने में भाजपा के दो बड़े दिग्गज नेताओं का हाथ बताया जा रहा है। तेजी से पलट रहे राजनैतिक घटनाक्रम में अकोला में शिवसेना विधायक नितिन देशमुख की पत्नी ने अपने पति की गुमशुदगी की पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। नितिन देशमुख एकनाथ शिंदे के साथ सूरत के एक होटल में ठहरे हुए हैं।

मंत्री एकनाथ शिंदे ने हिलाई महाराष्ट्र सरकार, फोन बंद कर तीन मंत्रियों समेत ये 24 विधायक इस होटल में एकजुट

उधर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई से दिल्ली के लिए निकल गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर मिलने पहुंचे हैं। महाराष्ट्र के साथ केन्द्र की राजनीति भी गर्म है। जबकि शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र में कोई भूकंप नहीं आएगा। कुछ विधायकों को गुमराह किया गया है, जिससे संपर्क नहीं हो पा रहा। उन्होंने कहा कि सूरत में जो विधायक हैं, उन्हें आने नहीं दिया जा रहा है। राउत ने कहा कि सबकी घेराबंदी कर दी गई है। सभी विधायक आना चाहते हैं और वे हर संघर्ष में शिवसेना के साथ रहे हैं।